दिल्ली (Delhi) में लूट की एक हैरान करने वाली वारदात में अदालत ने दो महिला आरोपियों को 6-6 महीने की कठोर कैद की सजा सुनाई है। दोनों महिलाओं ने एक युवक को अपनी बातों में फंसाने के लिए उसकी सास के बेहोश होने का बहाना बनाया था। इसके बाद वे उसे एक सुनसान जगह पर ले गईं और उसके गले से सोने की चेन लूट ली। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी की सतर्कता से दोनों महिलाएं तुरंत पकड़ी गईं। खास बात यह है कि इस मामले का ट्रायल महज 32 दिनों में पूरा हो गया। यह मामला दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिला आरोपियों की पहचान सपना और प्रियंका के रूप में हुई है। दोनों ने मिलकर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। अब रोहिणी कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
सास के बेहोश होने का बनाया बहाना
पुलिस के अनुसार, सपना और प्रियंका ने एक युवक को अपनी बातों में फंसाया। उन्होंने उससे कहा कि उनकी सास पास की झाड़ियों के पीछे बेहोश पड़ी हैं और उन्हें मदद की जरूरत है। महिलाओं की बात सुनकर युवक को लगा कि किसी की जान खतरे में हो सकती है। इसलिए वह उनकी मदद करने के लिए उनके साथ सुनसान जगह पर चला गया लेकिन वहां पहुंचते ही दोनों महिलाओं ने अपना असली इरादा दिखा दिया। आरोप है कि उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसके गले से सोने की चेन जबरन छीन ली। युवक ने विरोध करते हुए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर पास में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मी ने दोनों महिलाओं को वहीं पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आज दिल्ली के कई इलाकों में नहीं आ रहा पानी, मदद के लिए यहां करें फोन
32 दिनों में पूरा हुआ ट्रायल
इस मामले में शाहबाद डेयरी थाने में FIR नंबर 655/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने तेजी से जांच पूरी की और जरूरी सबूतों के साथ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। इसके बाद अभियोजन पक्ष ने भी समय पर गवाह और सबूत पेश किए। पुलिस, सरकारी वकील और अदालत के बीच बेहतर तालमेल के कारण सुनवाई में देरी नहीं हुई और महज 32 दिनों में ट्रायल पूरा हो गया।
कोर्ट ने सुनाई सजा
रोहिणी कोर्ट में न्यायिक मजिस्ट्रेट भारती बेनीवाल की अदालत ने मामले की सुनवाई की। अदालत ने कहा कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि दोनों महिलाओं ने पहले से योजना बनाकर युवक को धोखे में लिया था। उन्होंने मदद का बहाना बनाकर उसे सुनसान जगह पर बुलाया और फिर लूट की घटना को अंजाम दिया। अदालत ने यह भी कहा कि गरीबी या आर्थिक परेशानी किसी को अपराध करने का अधिकार नहीं देती। हर व्यक्ति को बिना किसी डर के कहीं भी आने-जाने का अधिकार है। किसी को धोखे में रखकर लूटपाट करना गंभीर अपराध है।
दोनों महिलाओं को 6-6 महीने की सजा
सरकारी वकील प्रमोद कुमार ने अदालत में दलील दी कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों के प्रति नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने ऐसी सजा देने की मांग की, जिससे भविष्य में इस तरह के अपराध करने वालों को सबक मिले। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 23 नवंबर 2026 को सपना और प्रियंका को दोषी करार दिया और दोनों को 6-6 महीने की कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही, कानून के तहत हिरासत में बिताई गई अवधि का लाभ देने का आदेश भी दिया।
छह महीने में आठवीं सजा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पिछले छह महीनों में आउटर नॉर्थ जिले में स्पीडी ट्रायल और SIT से जुड़े मामलों में यह आठवीं सजा है। पुलिस का कहना है कि तेजी से जांच, मजबूत सबूत और अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर तालमेल के कारण कम समय में दोषियों को सजा दिलाना संभव हुआ है।
