Akshay Kumar's Next is Sky Force: बीते कुछ महीनों में लगातार बैक टू बैक फ्लॉप देने के बाद अक्षय कुमार (Aksha Kumar) ने 11 अगस्त को रिलीज हुई 'ओएमजी 2' (OMG 2) की सफलता के साथ एक बार फिर वापसी की है। इस फिल्म ने दुनिया में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। ऐसे में 2 अक्टूबर यानी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अक्षय कुमार ने अपनी अगली फिल्म 'स्काई फाॅर्स' (Sky Force) की घोषणा कर दी है। अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म की एक झलक साझा की है, जिसे देख फैन्स बेहद खुश हैं।
आज, 2 अक्टूबर, जो हमारे पूर्व प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। यह फिल्म भारत के पहले और सबसे घातक हवाई हमले पर आधारित होगी, जो लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में हुआ था। अक्षय और फिल्म के निर्माताओं ने रिलीज की तारीख के साथ आधिकारिक घोषणा साझा की। अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कैप्शन दिया, ' आज गांधी-शास्त्री जयंती के दिन सारा देश कह रहा है - जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान। स्काई फाॅर्स यानी भारत के पहले और सबसे घातक हवाई हमले की हमारी अनकही कहानी की घोषणा करने के लिए आज से बेहतर नहीं हो सकता है।'
'स्काई फाॅर्स' का सह-निर्देशन संदीप केलवानी और अभिषेक कपूर द्वारा किया जाएगा। बता दें ये फिल्म साल 2024 में 2 अक्टूबर के दिन ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिलहाल अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म 'मिशन रानीगंज: द ग्रेट भारत रेस्क्यू' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
