Pathaan Advance Booking: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के लिए अब एक अच्छी खबर सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां शाहरुख खान की फिल्म पठान (Pathaan) को इंडिया में बॉयकोट किया जा रहा है, और फिल्म के गाने बेशरम रंग से शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में जर्मनी में शाहरुख खान की फिल्म ने रिकॉर्ड एंडवांस बुकिंग कर सभी को हैरान कर दिया है। शाहरुख की फैन फॉलोइंग सिर्फ इंडिया तक ही सीमित नहीं है, उन्हें ग्लोबल स्टार माना जाता है। ऐसे में पठान को भी विदेशों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। अभी फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज नहीं हुआ है कि जर्मनी में फिल्म के पहले दिन के ज्यादातर शो हाउसफुल हो गए हैं।
भारत में हंगामा और विदेशों में जबरदस्त क्रेज
एक तरफ जहां शाहरुख खान की फिल्म पठान पर भारत में हंगामा शुरू हो गया है, वहीं दूसरी ओर फिल्म को विदेशों में काफी प्यार मिल रहा है, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार जर्मनी में 28 दिसंबर को पठान की एडवांस बुकिंग शुरू की गई थी, जिसके बाद फिल्म की रिलीज के पहले दिन के ज्यादातर शो हाउसफुल हो गए हैं। जिससे साफ जाहिर होता है कि शाहरुख खान की ग्लोबल फैन फॉलोइंग का फायदा पठान फिल्म को मिलने वाला है।
फिल्म पठान की रिलीज डेट में होंगे बदलाव?
इस बीच हाल ही में सेंसर बोर्ड ने फिल्म पठान को देखा और इसके बाद मेकर्स को फिल्म में कुछ बदलाव करने के लिए कहा है, फिल्म के गाने बेशरम रंग में भी बदलाव किया जाएगा। जिसके साथ ही फिल्म के कुछ सीन्स भी शायद एडिट करने पड़ें या उनको दोबारा शूट किया जाएगा। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल फिल्म को 25 जनवरी 2023 को रिलीज किया जाना है। अभी तक मेकर्स ने पठान का ट्रेलर भी जारी नहीं किया है।
