Ram Setu Box office Collection Day 4: कोरोना काल के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का गणित ऐसा बिगडा है कि अभी तक पटरी पर नहीं आ पा रहा है। चंद फिल्मों को कोविड के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रेस्पांस मिला है, नहीं तो सब ढेर हुईं। बड़े- बड़े बजट की फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरती दिखीं। अक्षय कुमार की इस साल 'रक्षा बंधन', 'सम्राट पृथ्वीराज' और 'बच्चन पांडे' फिल्म रिलीज हुई थी। तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थीं।
अब अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु ने 25 अक्तूबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी है। अक्षय कुमार के अलावा जैकलीन फर्नांडीज, नुसरत भरूचा, शुभम, सत्य देव, और नासिर शामिल हैं। एक्टर के साथ साथ इस फिल्म के मेकर्स को भी काफी उम्मीदें थीं। यह फिल्म दीपावली के मौके पर रिलीज भी हुई लेकिन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। फिल्म ने ओपनिंग डे पर बेहतर शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद कमाई में लगातार गिरावट देखी जा रही है। दूसरे, तीसरे और चौथे दिन फिल्म की कमाई पहले दिन के मुकाबले काफी कम रह गई।
अभिषेक शर्मा द्वारा लिखित और निर्देशित 'राम सेतु' ने ओपनिंग डे पर 15.25 करोड़ की कमाई की थी। वहीं दूसरे दिन फिल्म ने 11.4 करोड़ का कारोबार किया। तीसरे दिन फिल्म ने 8.75 करोड़ रुपये कमाए। वहीं चौथे दिन शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से फिल्म ने 6.05 करोड़ का कारोबार किया है। ऐसे में अब फिल्म की कुल कमाई 41.45 करोड़ रुपये हो गई है।
करीब तीन हजार स्क्रीन पर रिलीज हुई अक्षय कुमार की इस फिल्म ने शुक्रवार को भी अच्छा परफॉर्म नहीं किया। ऐसे में शनिवार और रविवार को भी कमाई में सुधार की कोई खास उम्मीद नहीं है। फिल्म को दर्शकों का भी मिला-जुला रिस्पांस मिल रहा है। 215 करोड़ रुपये से बनी इस फिल्म के लिए अक्षय कुमार ने लगभग 50 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं।
