Hera Pheri 3 Update: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar), सुनील शेट्टी और परेश रावल की फिल्म 'हेरा फेरी' और 'हेरा फेरी' 2 को लोगों ने खूब प्यार दिया था। बॉक्स ऑफिस पर भी इन दोनों फिल्मों ने मोटी कमाई की थी। अब सभी की नजरें 'हेरा फेरी' 3 (Hera Pheri 3) पर टिकी हुई है। पहले ये खबर सामने आई थी कि फिल्म 'हेरा फेरी' 3 को प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं। इस बीच निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने ऐसी बात कह दी है कि लोग दंग रह गए हैं। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-Hera Pheri 3 की रिलीज में हो रही देरी पर परेश रावल ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'अफवाहों पर ध्यान न दें')
फिरोज नाडियाडवाला ने दिया अपडेट
हाल ही में वैरायटी इंडिया से बातचीत के दौरान फिरोज नाडियाडवाला ने 'हेरा फेरी 3' को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म का काम अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि निर्देशक प्रियदर्शन इस फिल्म का निर्देशन नहीं कर रहे हैं। जब फिरोज नाडियाडवाला से प्रियदर्शन के फिल्म से जुड़ने की चर्चा पर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "नहीं, प्रियदर्शन इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।" उन्होंने आगे कहा, "फिल्म का काम सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और सब कुछ ट्रैक पर है।" साल 2000 में रिलीज हुई पहली 'हेरा फेरी' का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था, जबकि साल 2006 में आई 'फिर हेरा फेरी' का निर्देशन नीरज वोरा ने किया था। इसके बाद 'हेरा फेरी 3' के लिए साल 2018 में इंद्र कुमार को निर्देशक बनाया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने यह प्रोजेक्ट छोड़ दिया। इसके बाद खबरें आई थीं कि प्रियदर्शन एक बार फिर इस फिल्म का निर्देशन करेंगे, लेकिन अब निर्माता ने इन खबरों को गलत बताया है।

फेरी 3 से कटा प्रियदर्शन का पत्ता (pic credit-prime video)
'हेरा फेरी 3' पर टिकी है सभी की नजरें
'हेरा फेरी 3' बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी वजह पहली दो फिल्मों की जबरदस्त लोकप्रियता है। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया था। माना जा रहा है कि तीसरे भाग में भी यही तीनों कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। पिछले कई सालों में 'हेरा फेरी 3' कई बार टली और इसके निर्माण में कई बदलाव हुए। इसी वजह से फिल्म को लेकर लगातार अलग-अलग खबरें सामने आती रहीं। लेकिन अब निर्माता के ताजा बयान से साफ है कि फिल्म पर काम जारी है और इसकी तैयारियां धीरे-धीरे आगे बढ़ रही हैं, हालांकि, फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी और इसे कब रिलीज किया जाएगा, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद फैंस एक बार फिर राजू, श्याम और बाबूराव की तिकड़ी को बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
