Cop deployed outside Salman Khan house collapses: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। सलमान जल्द ही रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) को होस्ट करते नजर आएंगे। इसी बीच सलमान खान से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान के घर के बाहर तैनात एक पुलिस जवान की अचानक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह जवान अभिनेता की सुरक्षा में तैनात था। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल जवान की मौत की वजह और हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। आइए पूरी बात जानते हैं इस रिपोर्ट में... (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Awarapan 2 के ट्रेलर को देखकर गदगद हुए Mohit Suri, इमरान खान को लेकर कह दी बड़ी बात)
सलमान खान के घर के बाहर पुलिसकर्मी की हुई मौत
सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मृतक पुलिसकर्मी की उम्र 41 साल बताई जा रही है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कॉन्स्टेबल गणेश सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई। सलमान खान की सुरक्षा पहले से ही बढ़ाई गई है। इसकी वजह यह है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की ओर से अभिनेता को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। बिश्नोई सलमान खान पर 1990 के दशक में काले हिरण के कथित शिकार को लेकर नाराज है और इसे लेकर वह अभिनेता को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे चुका है।
साल 2024 में मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने कई राउंड फायरिंग की थी। जांच के बाद पुलिस को पता चला था कि अभिनेता को डराने के लिए यह गोलीबारी की गई थी और इसे कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर अंजाम दिया गया था। लॉरेंस बिश्नोई साल 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। इसके बाद उसने सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी दी। बिश्नोई का दावा है कि सलमान खान ने फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान काले हिरण का शिकार किया था।
