'Besharam Rang' Song Controversy: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की फिल्म 'पठान' (Pathaan) का पहला गाना 'बेशरम रंग' (Besharam Rang Song) रिलीज होने के बाद से ही विवादों में फंस गया है। हाल ही में इस गाने पर धुन चुराने का आरोप लगा था। वहीं दूसरी ओर गाने में दीपिका पादुकोण के बोल्ड अवतार को देखने के बाद लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल भी किया। इन सब चीजों के के बीच एक नया विवाद देखने को मिला। दीपिका पादुकोण पर इस गाने में भगवा रंग की बिकनी पहनने के बाद भाजपा के एक नेता ने अदाकारा की आलोचना की। ऐसे में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने एक बीजेपी नेता के 'बेशरम रंग' वाले कमेंट की आलोचना की।
स्वरा भास्कर ने एक न्यूज आर्टिकल पर रिएक्शन दिया, जिसमें कहा गया था कि मध्य प्रदेश में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार ने शाहरुख खान की 'पठान' की रिलीज पर रोक लगा सकती है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि फिल्म के एक गाने में 'एक मुस्लिम इंसान भगवा पहनी हुई लड़की को छू रहा है।' स्वरा भास्कर ने लिखा, 'मिलिए हमारे देश के सत्ताधारी नेताओं से। अभिनेत्रियों के कपड़े देखने से फुर्सत मिलती है, तो क्या पता कुछ कर भी लेते।' स्वरा भास्कर से पहले प्रकाश राज और निर्माता ओनिर ने भी शाहरुख खान की फिल्म के गाने को सपोर्ट किया है।
बता दें मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 'बेशरम रंग' गाने को 'गंदी मानसिकता के साथ शूट किया गया है।' फिल्म को बात करें तो इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अलावा जॉन अब्राहम भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। ये फिल्म अगले साल 25 जनवरी के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
