Lets Get Married poster: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी फिल्मी दुनिया में कदम रखने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। एमएस धोनी ने अब अपनी पहली फिल्म निर्माण की घोषणा कर दी है, उनकी ये पहली फिल्म तमिल है। एमएस धोनी और साक्षी धोनी की फिल्म का टाइटल 'LGM' (लेट्स गेट मैरिड) है। फिल्म के पहले पोस्टर में लीड सितारे हरीश कल्याण, इवाना और अनुभवी अभिनेत्री नादिया नजर आ रही हैं। तीनों को शादी की अंगूठी में बंद दिखाया जा रहा है। 'एलजीएम' का फर्स्ट लुक काफी इम्प्रेसिव और अपीलिंग लग रहा है।
फिल्म के पहले लुक में हरीश कल्याण, इवाना और नादिया को शादी की अंगूठी में बंद देखकर ऐसा लग रहा है कि यह एक वॉयलेंट इमोशनल संघर्ष वाली कहानी है। तस्वीर को मस्ती से भरी पारिवारिक फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया गया है। प्रोडक्शन हाउस की तरफ से ट्विटर पर फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज करते हुए कैप्शन में लिखा, 'हम धोनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही पहली फिल्म के नाम 'लेट्स गेट मैरिड' की घोषणा कर बेहद उत्साहित हैं।' इस फिल्म में नादिया, हरीश कल्याण और अभिनेत्री इवाना लीड रोल में नजर आएंगी, वहीं योगी बाबू भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी रमेश थमिलमणि को सौंपी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग जल्द ही पूरी कर ली जाएगी और कुछ महीनों में रिलीज डेट का खुलासा कर दिया जाएगा।
काफी समय से खबरें थीं कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाले हैं। अब इस तमिल फिल्म के साथ धोनी फिल्मों में पारी खेलने को तैयार हैं। उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस धोनी एंटरटेनमेंट लॉन्च किया है और अब इसके बैनर तले बनने वाली पहली फिल्म की घोषणा भी हो गई है। फिल्म का नाम 'लेट्स गेट मैरिड' है, जिसका मोशन पोस्टर कमाल का है। बता दें, 'धोनी एंटरटेनमेंट' नाम के इस प्रोडक्शन हाउस के मालिक धोनी और उनकी पत्नी साक्षी दोनों हैं। अब तक प्रोडक्शन हाउस ने 'रोर ऑफ द लायन', 'ब्लेज टू ग्लोरी' और 'द हिडन हिंदू' जैसी छोटे पैमाने की फिल्मों का निर्माण किया है।
