बॉलीवुड

Daayra: मेघना गुलजार ने बताया असली घटनाओं पर फिल्म बनाने का तरीका, बोलीं- 'अपने दायरे में रहना जरूरी'

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 11, 2026, 03:43 PM IST

Meghna Gulzar on Daayra Movie: मेघना गुलजार अपनी फिल्म दायरा को लेकर चर्चा में हैं। डायरेक्टर ने अभी हाल ही में इवेंट के दौरान फिल्म को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।

Image

मेघना गुलजार ने फिल्म दायरा को लेकर कही ये बात (Image Source: Zoom)

Meghna Gulzar on Daayra Movie: डायरेक्टर मेघना गुलजार (Meghna Gulzar) अपनी अपकमिंग फिल्म दायरा (Daayra) को लेकर लगातार चर्चा में हैं। फिल्म में करीना कपूर (Kareena Kapoor) और पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) लीड रोल में नजर आएंगे। मेघना इससे पहले भी ऐसी कहानियों पर फिल्में बना चुकी हैं, जिनका जुड़ाव असली घटनाओं से रहा है। यही वजह है कि ‘दायरा’ को लेकर भी लोगों की नजर इस बात पर है कि वो असल जिंदगी की घटना को पर्दे पर किस तरह दिखाने वाली हैं। इसी बीच फिल्म दायरा के एक इवेंट में मेघना गुलजार ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। तो चलिए जानते हैं कि मेघना गुलजार ने क्या कहा है।

फिल्मों से जवाब नहीं, सवाल पूछती हैं

‘दायरा’ के म्यूजिक लॉन्च पर डायरेक्टर मेघना गुलजार ने बताया कि वह अपनी फिल्मों के जरिए सीधे जवाब देने के बजाय सवाल पूछने में विश्वास रखती हैं। अपनी आने वाली फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कहानियां ऐसी हैं, मुद्दे ऐसे हैं कि उनके कोई सीधे समाधान नहीं हैं। इसलिए हम बार-बार वही सवाल पूछते रहते हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि हम जवाब ढूंढने या समाधान तलाशने की कोशिश करना छोड़ देंगे।'

सच्ची घटनाओं को दिखाना आसान नहीं

असल जिंदगी से जुड़ी कहानियां पर्दे पर दिखाने के बारे में मेघना ने कहा, 'ये मुश्किल होता है, क्योंकि एक तरफ आप कहते हैं कि आप हकीकत पर आधारित कहानी बता रहे हैं, इसलिए आप उसे एक हद तक ही अपनी तरफ से बदल सकते हैं। उससे आगे आपको नहीं जाना चाहिए। आपको अपने दायरे के अंदर रहना पड़ता है। मुश्किल तब होती है जब आप किसी दुखद घटना को दिखाने या उसके बारे में लिखने की कोशिश करते हैं। आपको इस बात का पूरा ध्यान रखना होता है कि आप उस दर्द का फायदा न उठाएं। आपको सिर्फ उस दुख और उस हादसे को दिखाना है। आपको उस दुख या दर्द को बेचने या उसका फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। यही बात हमेशा मेरी सोच का हिस्सा रही है और मेरे लेखकों के लिए भी यही है। ये आसान नहीं है।'

काम के दौरान इमोशन्स से दूरी

मेघना ने कहा, 'हमें अपना काम करना है और उसे पूरी निष्पक्षता के साथ करना है। इसलिए काम करते समय हम खुद को अपने इमोशन्स के संपर्क में रहने की ज्यादा जगह नहीं देते। जब फिल्म पूरी हो जाती है, उसके बाद वो प्रक्रिया शुरू होती है।' आपको बता दें कि ‘दायरा’ में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार साथ नजर आएंगे। ‘दायरा’ को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है, जबकि पेन मरुधर इसे रिलीज कर रहा है। ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article