बॉलीवुड

Kareena Kapoor के लिए Daayra है खास, सास शर्मिला टैगोर से जुड़ा है फिल्म का पुराना रिश्ता

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 11, 2026, 03:26 PM IST

Kareena Kapoor on Working With Meghna-Gulzar: करीना कपूर जल्द एक ऐसी फिल्म में नजर आने वाली हैं, जिसका रिश्ता उनके परिवार के पुराने दौर से भी जुड़ा है। एक्ट्रेस ने इसे खास पल बताया है।

Image

करीना कपूर ने कही ये बात (Image Source: Zoom)

Kareena Kapoor on Working With Meghna-Gulzar: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर (Kareena Kapoor) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म दायरा (Daayra) को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार (Meghna Gulzar) कर रही हैं और करीना पहली बार उनके साथ काम करने जा रही हैं। फिल्म में उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) भी नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर करीना काफी एक्साइटेड हैं, लेकिन इसकी एक खास वजह सिर्फ कहानी या मेघना के साथ काम करना नहीं है। इस फिल्म का रिश्ता उनके परिवार के उस दौर से भी जुड़ता है, जब उनकी सास शर्मिला टैगोर और मेघना के पिता गुलजार साथ काम कर चुके हैं। यही कनेक्शन करीना के लिए इस फिल्म को और खास बनाता है।

गुलजार के साथ काम करना रहा खास

‘दायरा’ के म्यूजिक लॉन्च पर करीना कपूर ने गीतकार गुलजार के साथ मंच शेयर करने को लेकर अपनी खुशी और घबराहट दोनों जाहिर कीं। उन्होंने कहा, 'मैंने बचपन से उनकी फिल्में देखी हैं और उनके गाने सुने हैं। मेरी सास शर्मिला जी को उनके साथ कई फिल्मों में काम करने का मौका मिला। और अब ऐसा लग रहा है कि वो सिलसिला पूरा हो गया है, क्योंकि उनकी बहू को उनकी बेटी के साथ काम करने का मौका मिला।' करीना ने आगे कहा, 'वो करियर ही क्या है अगर उस करियर में गुलजार साहब का एक गाना ना हो।' उन्होंने इसे अपने लिए ‘पूरी तरह एक सर्कल पूरा होने’ वाला पल बताया।

मेघना गुलजार के साथ काम का अनुभव

करीना कपूर ने डायरेक्टर मेघना गुलजार के साथ काम करने का अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने कहा, 'मेघना बहुत सख्त हैं। ये बात सब जानते हैं। सबको अपने कंट्रोल में रखना उन्हें आता है। उनका व्यक्तित्व ही ऐसा है कि वो प्यार करने वाली और दयालु हैं, लेकिन सेट पर उनका पूरा दबदबा रहता है।' करीना ने बताया कि अपने 26 साल के करियर में उन्होंने कई बड़े निर्देशकों के साथ काम किया है और सभी के साथ उनके अच्छे रिश्ते रहे हैं। लेकिन मेघना के साथ काम करते हुए वो हमेशा सतर्क रहती थीं। उन्होंने बताया कि वो शूटिंग शुरू होने से आधा घंटा पहले सेट पर पहुंच जाती थीं, ताकि फिल्ममेकर को उनसे शिकायत करने का कोई मौका न मिले। करीना ने कहा, '26 साल बाद भी ऐसा महसूस होना कि मैं एक नई कलाकार हूं, यही चीज हमें कलाकार के तौर पर आगे बढ़ाती रहती है।'

'दायरा' में दिखेगा करीना का अलग अंदाज

करीना ने ‘दायरा’ में अपने गंभीर पुलिस वाले किरदार को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने अपने सारे हाव-भाव दिखा दिए, क्योंकि फिल्म में उन्हें काफी संयमित तरीके से एक्टिंग करनी थी। उन्होंने कहा कि इस किरदार ने उनकी शख्सियत का एक अलग पहलू सामने लाया है। करीना ने आगे कहा, 'मैं चाहती हूं कि दर्शक मुझे जन्मदिन का तोहफा दें।'

आपको बता दें कि ‘दायरा’ को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है, जबकि पेन मरुधर इसे रिलीज कर रहा है। ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article