Akshay on Maharishi Valmiki AI Trailer: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने साथ हुई धोखाधड़ी उजागर की है। असल में इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसे महर्षि वाल्मिकी नाम की फिल्म का ट्रेलर बताया जा रहा है। इस ट्रेलर में अक्षय कुमार को मुख्य किरदार प्ले करते हुए दिखाया जा रहा है। वायरल होता ये वीडियो जैसे ही अक्षय कुमार के पास पहुंचा, वो हिल गए क्योंकि उन्होंने ऐसी कोई मूवी ही साइन नहीं की है। अक्षय कुमार ने एक सोशल मीडियो पोस्ट के जरिए इस वीडियो की सच्चाई बताई है और कहा है कि उनके फैंस इस वीडियो को सच न मानें।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया है, "मेरे पास एक वीडियो आई है, जिसे AI की मदद से बनाया गया है। इस वीडियो में मैं महर्षि वाल्मिकी के किरदार में दिखाया गया है। मैं ये साफ करना चाहता हूं कि ये वीडियो फेक है और AI की मदद से बनाया गया है। सबसे खराब बात तो ये है कि कुछ मीडिया चैनल्स ने ये वीडियोज उठाकर न्यूज भी बना दी है कि मैं ये फिल्म कर रहा हूं। इन लोगों ने मुझसे बात तक नहीं की है। उन्होंने ये जानना जरूरी नहीं समझा कि इस वीडियो की सच्चाई क्या है। आज के वक्त में AI की मदद से झूठा कंटेंट बहुत बनाया जा रहा है और इसकी स्पीड बहुत ज्यादा है। मैं सभी मीडिया हाउसेस से ये रिक्वेस्ट करता हूं कि वो ऐसी खबरें छापने से पहले उनकी सत्यता की जांच जरूर किया करें।"
असल में अक्षय कुमार एक साल में 4-5 फिल्में करते हैं और लगभग हर दूसरे महीने उनकी फिल्मों का अनाउंसमेंट होता रहता है, जिस कारण कई लोग ये मान बैठे थे कि महर्षि वाल्मिकी जैसी फिल्म बन रही है। हालांकि अक्की ने सही वक्त पर सच्चाई बताई है और साफ कर दिया है कि वो ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।
