karwa chauth 2022 : आज देशभर में करवा चौथ (Karwa Chauth) का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। ये त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं अपनी पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। इस व्रत का इंतजार शादीशुदा महिलााएं सालभर करती हैं। कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां इस त्योहार को धूमधाम से सेलिब्रेट करती हैं। एक्ट्रेस का करवा चौथ लुक सोशल मीडिया पर छाया रहता है। लेकिन कुछ अभिनेत्रियां इस व्रत को नहीं करती हैं। कुछ अभिनेत्रियों ने करवा चौथ को लेकर विवादित बयान दिया था। इस लिस्ट में करीना से लेकर ट्विंकल खन्ना तक ने करवा चौथ को लेकर विवादित बयान दिया है।
नसीरुद्दीन शाह की पत्नी रत्ना पाठक (Ratna Pathak) ने कुछ समय पहले ही करवाचौथ को लेकर एक इंटरव्यू में विवादित बयान दिया था।अपने इंटरव्यू में रत्ना पाठक ने कहा था, हमारा समाज बहुत रूढिवादी है। मुझे ऐसा महसूस होता है कि हम बहुत अंधविश्वासी हैं। हम ये मानते हैं कि धर्म हमारे लिए सबसे जरूरी है, इसलिए मुझसे किसी ने कभी पूछा नहीं कि मैं करवा चौथ का व्रत क्यों नहीं रखती हूं। लेकिन पिछले साल मुझसे किसी ने पूछा था कि क्या आप करवा चौथ का व्रत रखेंगी। मैंने कहा क्या मैं तुम्हें पागल दिखती हूं? मुझे समझ नहीं आता है कि पढ़ी लिखीं महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत क्यों रखती हैं। वो इन बातों को कैसे मान सकती हैं। रत्नना पाठक को लोगों ने इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया था।
ट्विंकल खन्ना ने व्रत को लेकर दिया था विवादित बयान
अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना करवा चौथ का त्योहार सेलिब्रेट नहीं करती हैं। ट्विंकल उन सेलेब्स में से एक है, जो व्रत में विश्वास नहीं रखती हैं। ट्विंकल ने सोशल मीडिया पर एक बार व्रत रखने के तरीके पर बात की थी। इस बयान के बाद ट्विंकल को लोगों ने खूब ट्रोल किया था। एक्ट्रेस ने कहा था, अपने पहले पति के लिए व्रत रखने का क्या मतलब है? आज के समय में आप 40 की उम्र में दो बार शादी करते हैं? अगर आप पूरी जिंदगी साथ नहीं रहते हैं तो करवा चौथ करने का क्या मतलब है। ट्विंकल ने आगे कहा- ऐसे 100 देश है जहां बिना व्रत पूजा के पुरुष लंबी उम्र जीते हैं।
सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर पंजाबी फैमिली में जन्मी हैं। हालांकि एक्ट्रेस करवा चौथ का व्रत नहीं रखती हैं। उन्होंने कहा था मुझे अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखने की जरूरत नहीं हैं। एक्ट्रेस ने कहा था, वो भूख से नहीं मरना चाहती हैं। इसकी बजाय वो खाना, पीना और काम करना पसंद करेंगी। एक्ट्रेस ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि आपको अपना प्यार साबित करने के लिए भूखा रहने की जरूरत नहीं हैं। बेबो का ये बयान लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया था।
