Kartik Aaryan on Freddy sequel: बॉलीवुड इंडस्ट्री के टैलेंटेड एक्टर्स में से एक कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) स्टारर 'फ्रेडी' (Freddy) को हाल ही में 2 दिसंबर 2022 को डिज्नी + हॉटस्टार पर रिलीज किया गया। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन के अपोजिट अलाया एफ लीड रोल में नजर आईं। इस थ्रिलर का निर्देशन शशांक घोष ने किया था और ये फिल्म परवेज शेख द्वारा लिखित है। 'फ्रेडी' का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, एनएच स्टूडियोज और नॉर्दर्न लाइट्स फिल्म द्वारा किया गया है। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन को एक अलग ही किरदार में देखने के बाद फैन्स अभी भी इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। फिल्म को दर्शकों की ओर से पॉजिटिव रिव्यू मिले हैं। कई लोगों को लग रहा है कि मेकर्स आने वाले समय में 'फ्रेडी' का सीक्वल बना सकते हैं।
कार्तिक आर्यन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म के सीक्वल को लेकर बड़ा हिंट दिया है। अभिनेता के इस हिंट ने फैन्स के अंदर उत्साह बढ़ा दिया है। रविवार को कार्तिक ने ट्विटर पर एक इंटरेक्टिव सेशन होस्ट किया था और 'फ्रेडी' के बारे में कई फैन्स के सवालों का जवाब दिया। एक फैन ने पूछा, 'केवल एक बार सोचकर हैरान हूं कि पुलिस ने फ्रेडी को कभी नहीं पकड़ा?' कार्तिक आर्यन ने अपने इस फैन को रिप्लाई देते हुए कहा, 'अभी कहानी खत्म कहां हुई है।' कार्तिक आर्यन के इस रिप्लाई के बाद से ही लोगों को लग रहा है कि 'फ्रेडी' का सीक्वल जरुर आएगा।
वर्कफ्रंट की बात करें कार्तिक आर्यन की 'फ्रेडी' को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सफलता मिली है। वहीं इससे पहले उन्हें फिल्म 'भूल भुलैया 2' में देखा गया था, जो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अभिनेता की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धांसू कमाई की थी। इसके बाद कार्तिक आर्यन जल्द ही फिल्म 'शहजादा' में कृति सेनॉन के साथ लीड रोल में दिखाई देंगे। कार्तिक की 'शहजादा' साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की 'Ala Vaikunthapurramuloo' का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है। इसके अलावा अभिनेता के पास सत्या प्रेम की कथा, आशिकी 3, कैप्टन इंडिया और हेरा फेरी 3 भी है।
