John Abraham ignores Pathaan questions: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की नई फिल्म पठान (Pathaan) जल्द ही सिनेमाघरों में होगी, जिसका ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है। फिल्म पठान के ट्रेलर को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पांस मिला है और दर्शक लगातार इसकी तारीफ कर रहे हैं। फिल्म में कलाकार जॉन अब्राहम (John Abraham) खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे, जो पठान के ट्रेलर में मारधाड़ करते नजर आ रहे हैं। फिल्म के कलाकार इन दिनों प्रमोशन में जुटे हुए हैं, ताकि यह मूवी सिनेमाघरों में शानदार ओपनिंग दर्ज कराए। हालांकि जॉन अब्राहम इन प्रमोशन्स से गायब हैं और मीडिया के पूछे जाने पर भी कुछ नहीं बोल रहे हैं।
जॉन अब्राहम हाल में एक इवेंट पर गए थे, जहां मीडिया ने उनसे पठान के बारे में बात करने की कोशिश की। जॉन अब्राहम पूरे इवेंट में मीडिया के सवालों को नजरअंदाज करते रहे। इवेंट खत्म होता देख मीडिया ने जॉन अब्राहम से पठान के बारे में बात करने की कोशिश की लेकिन जॉन कुछ नहीं बोले और वहां से निकल गए। जॉन अब्राहम के इस व्यवहार को देखकर लोग हैरान हैं कि वो पठान के बारे में बात कर क्यों नहीं रहे हैं? जॉन अब्राहम ने फिल्म में अहम किरदार प्ले किया है और उनका ऐसे बचते रहना हर किसी को हैरान कर रहा है।
जॉन अब्राहम ने फिल्म पठान के सवालों पर जिस तरह से चुप्पी साधी, उसे देखकर लोग कह रहे हैं कि वो फिल्म को लेकर हो रहे विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं, जिस कारण वो अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। जॉन अब्राहम हमेशा से ही कोशिश करते रहे हैं कि उनका नाम किसी विवाद के साथ न जुड़े। फिल्म पठान को लेकर इन दिनों देश में माहौल काफी गर्म है। देश के कई हिस्सों में इस मूवी का बायकॉट हो रहा है और लोग शाहरुख खान को काफी खरी-खोटी सुना रहे हैं। हो सकता है कि जॉन अब्राहम इस पूरे मामले से किनारा करना चाह रहे हो।
