Haq Special Screening In Delhi: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर इमरान हाशमी और एक्ट्रेस यामी गौतम स्टारर 'हक' 7 नवंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। द टाइम्स ग्रुप के जंगली पिक्चर्स के बैनर तले तैयार हुई 'हक' की बीते 5 नवंबर को दिल्ली के द चाणक्य मॉल में स्पेशल स्क्रीनिंग हुई थी। 'हक' की स्क्रीनिंग में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना, पूर्व चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन सहित कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की थी। स्क्रीनिंग के बाद 'हक' को लेकर केंद्रीय मंद्री हरदीप सिंह पुरी सहित कई हस्तियों ने अपने विचार साझा किये, साथ ही फिल्म की जमकर सराहना भी की।
भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने 'हक' को लेकर कहा कि हर किसी को इसे देखना चाहिए। उन्होंने इस सिलसिले में कहा, "हम सबने बहुत लंबी राह तय कर ली है। हम नारी शक्ति के बारे में बात करते हैं और ये बहुत शक्तिशाली मैसेज है। इस मूवी का मैसेज, स्टार कास्ट, ये एक खूबसूरत प्रोडक्शन है। ये सिनेमैटिक एक्सीलेंस है। सुधार समुदाय में से ही आना चाहिए। जो कुछ हम सेकंड हाफ में देखते हैं, मुझे लगता है कि वो न्याय मांगने और इंकार के बारे में है। ये एक पावरफुल मैसेज है, क्योंकि ये न्याय की खोज है। ये महिला सशक्तिकरण के बारे में नहीं बल्कि उस वक्त न्याय पाने के बारे में है जब निजी कानूनों की वजह से ही उसे ठुकरा दिया गया हो। हर किसी को इस फिल्म को देखना चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी जनता को 'हक' देखने की सलाह दी। उन्होंने प्रोडक्शन हाउस को बधाइयां देते हुए कहा, "मुझे जंगली पिक्चर्स को इस खूबसूरत प्रोजेक्ट के साथ आने के लिए बधाइयां देना चाहिए। सितारों ने अपने किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय किया है। जब जस्टिस चंद्रचूड़ जस्टिस थे और हम बोलते थे, मुझे निजी तौर पर लगता था कि महिलाओं को न्याय पाने के लिए कोर्ट नहीं जाना चाहिए। चीजों को यहां तक आने की जरूरत नहीं है। मैं शुक्रिया अदा करता हूं हमें यहां बुलाने का। मैं अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री हूं, यहां कुछ काम हैं जो होने चाहिए। ये केवल फिल्म तक ही सीमित नहीं होना चाहिए। ये एक घटना है। हर भारतीय को इसे देखना चाहिए।"
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने फिल्म 'हक' के लिए द टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन को बधाइयां दीं। उन्होंने कहा, "हमने अभी तक फर्स्ट हाफ देखा है, लेकिन आप देख सकते हैं कि देश में न्याय कितना महंगा और मुश्किल है। देखिये बानो किस तरह कोर्ट गई और कोर्ट ने उनसे काजी के पास जाने के लिए कहा। ये दुर्भाग्यपूर्ण है। ये चीज तब तक जड़ से खत्म नहीं होगी, जब तक UCC लागू नहीं हो जाता। मैं इसे किसी समुदाय से नहीं जोड़ना चाहता, लेकिन इसमें सच्चाई है। शाह बानो केस आंखें खोलने का काम करता है।"
भारत के पूर्व जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने भी 'हक' फिल्म के बारे में बातचीत की और कहा, "ये मेरे लिए एक इमोशनल और निजी पल है। शाह बानो जजमेंट चार दशक पहले दिया गया था। वह इस केस के दो महीने बाद ही रिटायर हो गए थे। जो अधिकार महिलाओं को दिया गया है, वो उनसे नहीं छीनना चाहिए, ये हक उन्हें दिया गया है। ये प्रमाण है उन लोगों के लिए जो कानून के साथ खड़े होते हैं। उनके रिटायर होने के बाद उन्हें धमकियां भी मिलीं। मैं आशा करता हूं कि वो जहां कहीं भी होंगे, खुश होंगे।"
द टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने भी 'हक' की सराहना की। उन्होंने कहा, "दो तरीके की फिल्म होती हैं, मनोरंजक और दूसरी सोच को जन्म देने वाली जो मनोरंजक भी होती हैं। 'हक' ऐसी ही फिल्म है।" बता दें कि 'हक' फिल्म को जंगली पिक्चर्स ने इंसोम्निया फिल्म्स और बावेजा स्टूडियो के साथ तैयार किया है। इस मूवी के जरिए एक्ट्रेस वर्तिका सिंह ने डेब्यू किया है। वहीं दूसरी ओर फिल्म में शीबा चड्ढा, दानिश हुसैन और असीम हत्तंगडी भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
इससे इतर जंगली पिक्चर्स की बात करें तो इसकी स्थापना द टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने साल 2014 में की थी। 'जंगली पिक्चर्स' ने अभी तक कई ऐसी फिल्में प्रोड्यूस की हैं, जिसने दर्शकों का खूब मनोरंजन तो किया ही, साथ ही कई पुरस्कार भी हासिल किये। इस लिस्ट में 'राजी', 'तलवार', 'बधाई दो', 'बधाई हो', 'बरेली की बर्फी', 'बब्ली बाउंसर', 'डॉक्टर जी' और मलयाली फिल्म 'रोंथ' शामिल हैं।
