Farhan concert set demolished: बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर फिल्मों में काम करने के साथ-साथ लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट भी करते हैं। फरहान को म्यूजिक में दिलचस्पी है और वो खुद भी एक अच्छे गायक हैं। फरहान अख्तर ने फैंस के लिए एक लाइव कॉन्सर्ट रखा था, जिसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। हालांकि आंधी की वजह से फरहान अख्तर के शो की सारी की सारी तैयारियां रखी की रखी रह गई हैं। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें फरहान अख्तर के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का सेट आंधी में उड़ता हुआ दिख रहा है। ये वीडियो दिल दहला देने वाला है क्योंकि आंधी में लाइव कॉन्सर्ट का पूरा का पूरा सेट गिरता गया है।
कॉन्सर्ट के लिए सेट बनाने वालों पर भड़के लोग
जब से इंटरनेट पर ये वीडियो सामने आया है, तब से लोग कॉन्सर्ट के लिए सेट बनाने वालों पर भड़क रहे हैं। लोग बोल रहे हैं कि सेट बनाने का टेंडर लेने वालों ने इस बात का ख्याल नहीं रखा कि ये ठीक से बना है या नहीं? एक व्यक्ति ने लिखा है, 'सेट बनाने वाले इतने केयरलैस कैसे हो सकते हैं। ये लोग ऑडियंस की जान से कैसे खेल सकते हैं?' तो दूसरे व्यक्ति ने लिखा है, 'ये क्या हुआ... ऐसे कैसे सेट बनाया कि हवा में उड़ गया। ये अगर कॉन्सर्ट के दौरान गिरता तो लोगों की जान चली जाती।'
फरहान अख्तर की तरफ से इस वीडियो पर अभी तक कोई रिएक्शन नहीं आया है। लोग लगातार बोल रहे हैं कि फरहान अख्तर को इस मामले में खुद तहकीकात करनी चाहिए क्योंकि फैंस उन्हें इतना प्यार करते हैं। उन्हें अपने फैंस के लिए इस मामले की खुद जांच करनी चाहिए ताकि आगे चलकर ऐसा हादसा न हो।
