Vikrant Massey Exclusive: बॉलीवुड स्टार विक्रांत मेस्सी इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में विक्रांत मेस्सी को फिल्म 12 वीं फेल के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला है। ये अवॉर्ड विक्रांत मैसी ने शाहरुख खान के साथ शेयर किया है। किंग खान को फिल्म जवान के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है। बता दें कि नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद विक्रांत मैसी काफी ज्यादा खुश है। इस बीच विक्रांत मेस्सी ने टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार से एक्सक्लूसिव बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने कई खुलासे किए हैं।
विक्रांत मैसी जीना चाहते हैं ऐसी जिंदगी
बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मेस्सी ने बताया कि नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद वो काफी खुश हैं। विक्रांत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के हाथों से ये पुरस्कार मिलना ये उनकी लिए बहुत बड़ी बात है। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार संग बातचीत के दौरान विक्रांत मेस्सी ने ये खुलासा किया कि वो कैसी जिंदगी जीना चाहते हैं। उन्होंने कहा, मैं बहुत सरकारी आदमी टाइप का हूं। जो हर रोज काम करने के बाद अपने घर जाना चाहता है। लेकिन मैं ऐसा कर नहीं पाता हूं क्योंकि काम की वजह से मैं काफी ट्रैवल करता हूं। मैं फैमिली के साथ वक्त बिताना चाहता हूं उनके साथ बैठकर टीवी शोज देखना चाहता हूं। जब मैंने अभी ब्रेक लिया था तो मैं यही सब करता था। मैंने उस समय कई किताबें पढ़ी। दोस्तों के साथ कैरम बोर्ड खेला और लोगों से मिला जिनसे काफी समय से बातचीत नहीं हुई थी।'
इस फिल्म में नजर आएंगे विक्रांत मैसी
बताते चलें कि विक्रांत मेस्सी ने इस एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान बताया है कि वो किस मूवी में नजर आएंगे। उन्होंने कहा, आप मुझे जल्द ही एक नए रोल में देखेंगे। मुझे लगता है कि ये न्यूज़ पहले ही आ चुकी है। मैं नहीं जानता हूं कि मैं यह क्यों नहीं बोल रहा हूं। मैं 'दोस्ताना 2' कर रहा हूं। मैं अपनी पहली धर्मा फिल्म करने जा रहा हूं।' ऐसे में अब फैंस उनकी इस मूवी को देखने के लिए बेताब हो गए हैं।
