साल 2025 की शुरुआत में रिलीज हुई अक्षय कुमार और वीर पहारिया की फिल्म स्काई फोर्स के कलेक्शन पर लम्बे समय से सवाल खड़े हो रहे हैं। ट्रेड पंडितों का मानना है कि स्काई फोर्स के मेकर्स ने मूवी को हिट बनाने के लिए इसके टिकिट खुद खरीदे ताकि कलेक्शन में उलटफेर किया जा सके। जाने-माने फिल्म पत्रकार कोमल नाहटा ने एक वीडियो शेयर करते हुए स्काई फोर्स के मेकर्स की पोल खोलते हुए इस बात पर पक्की मुहर लगाई है कि उन्होंने खुद मूवी के टिकिट खरीदे हैं।
कोमल नाहटा के आरोपों पर फिल्म स्काई फोर्स के डायरेक्टर संदीप केवलानी ने नेटवर्क 18 से बात की और कहा, 'कोमल नाहटा एक जाने-माने पत्रकार हैं और मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं। अगर उन्हें मीडिया में ऐसा बयान देना था तो पहले हमसे बात करते और मुद्दे पर सही जानकारी लेते। मुझे नहीं लगता है कि कोमल नाहटा को मेकर्स के खिलाफ ऐसा बोलकर कुछ फायदा होने वाला है। अगर उन्हें लगता है कि मूवी मेकर्स कॉरपोरेट बुकिंग करते हैं तो उन्हें खुलकर सभी के नाम लेने चाहिए न कि सिर्फ यूं किसी पर निशाना साधना चाहिए।'
संदीप केवलानी ने कोमल नाहटा के आरोपों का खंडन करते हुए कहा है, 'चाहें बात छावा की हो या फिर स्काई फोर्स की... हमने हमेशा ऑडियंस को सही कलेक्शन दिए हैं। हमने किसी भी फिल्म की ब्लॉक बुकिंग नहीं कराई है। दर्शकों ने खुद फिल्मों पर प्यार बरसाया है और उन्हें हिट बनाया है।' संदीप ने स्काई फोर्स को मिल रहे प्यार पर बात करते हुए कहा है कि भले ही अक्की-वीर की फिल्म को रिलीज हुए काफी वक्त हो गया हो लेकिन उन्हें इंस्टाग्राम पर अब भी कई मैसेज आते हैं। दर्शक अब तक उनकी मूवी की तारीफ कर रहे हैं, जो उनके लिए बहुत खास बात है।
