Bhooth Bangla Trailer Review: 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली अक्षय कुमार (Akshay Kumar), वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू स्टारर भूत बंगला (Bhooth Bangla) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने लम्बे समय के बाद किसी कॉमेडी मूवी के लिए हाथ मिलाया है। एक दौर में ये डायरेक्टर-एक्टर जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट फिल्में डिलीवर करने के लिए जानी जाती थी लेकिन क्या सालों बाद ये दोनों मिलकर फिर वही कारनामा कर पाएंगे? सच कहा जाए तो भूत बंगला का ट्रेलर देखने के बाद तो ऐसा कतई नहीं लग रहा है। भूत बंगला साल 2007 में आई भूल भुलैया की वो सस्ती कॉपी लग रही है, जो टाइम की बर्बादी तो कराएगी ही... साथ ही साथ दर्शकों को सिरदर्द भी देगी।
भूत बंगला का ट्रेलर 3:03 मिनट का है, जिसमें मुश्किल से कुछ नया नजर आता है। अक्षय कुमार वही सालों पुरानी कॉमेडी करते दिखते हैं, जिसने उन्हें कभी सुपरस्टार कॉमेडी एक्टर बनाया था लेकिन अब ये बोझिल हो चुकी है। डायलॉग बोलने के तरीके से लेकर उनकी लिखावट तक सबकुछ भूल भुलैया की याद दिलाता है। ट्रेलर देखने के बाद ऐसा लगता है कि अक्षय कुमार इस बात से आहत थे कि उन्हें भूल भुलैया फ्रेंचाइजी से निकालकर कार्तिक आर्यन को ले लिया गया है और भूत बंगला के जरिए वो ये साबित करना चाहते थे कि भूल भुलैया फ्रेंचाइजी के लिए उनसे बेहतर कोई दूसरा एक्टर नहीं है लेकिन जिद और शिद्दत में अंतर होता है, जो बात अक्की भैया शायद भूल गए।

Akshay Kumar Bhoot Bangla Trailer (Image Source: Movie Trailer )
प्रियदर्शन ने दर्शकों को नॉस्टेल्जिया का इंजेक्शन देने के लिए भूत बंगला की स्टारकास्ट लगभग वही रखी है, जो 19 साल पहले आई भूल भुलैया में थी। परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी कमाल के एक्टर हैं लेकिन अगर उनसे वही करवाया जाए जो वो कई दफा कर चुके हैं तो दर्शक सिर तो पकड़ेंगे ही।

Bhoot Bangla Trailer (Image Source: Movie Trailer )
तब्बू के जो शॉट्स मेकर्स ने ट्रेलर में डाले हैं उन्हें देखने के बाद लगता है कि क्यों ना उन्होंने विद्या बालन को ही कास्ट कर लिया। वामिका गब्बी की कास्टिंग भी नई है जो अक्षय कुमार के साथ रोमांटिक रोल में दिखेंगी लेकिन इन दोनों के बीच उम्र गैप इतना है कि मन चीखें मारने लगता है कि इनकी जोड़ी ना ही बनाई गई होती तो बढ़िया होता।

Bhoot Bangla Trailer Video (Image Source: Movie Trailer)
अक्षय कुमार-प्रियदर्शन ने क्यों किया फैंस के साथ धोखा?
अक्षय कुमार का करियर देखें तो उन्होंने दर्शकों के सामने बार-बार वही पेश किया है, जो पसंद किया जाता है। एक्शन, कॉमेडी और देशभक्ति फिल्मों के बाद जब अक्षय की मूवीज फ्लॉप होने लगीं तो उन्होंने सोचा होगा कि क्यों ना फिर से कॉमेडी की तरफ लौटा जाए। ऐसे में उनका प्रियदर्शन के साथ हाथ मिलाना तो बनता ही था लेकिन भूत बंगला का ट्रेलर देखने के बाद ये सवाल तो इन दोनों से बनता है कि इन्होंने अपने सच्चे फैंस के साथ धोखा क्यों किया? अगर इन्हें किसी मूवी के लिए साथ आना ही था तो थोड़ा वक्त लगाते और सही स्क्रिप्ट का चुनाव करते। खैर आपको भूत बंगला का ट्रेलर कैसा लगा, हमें कमेंट में जरूर बताएं।
