Sanjay-Arshad Joins Awara Pagal Deewana 2: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्में पिछले कुछ समय से दर्शकों के बीच धमाल मचाने में नाकामयाब रही हैं। कोरोना काल खत्म होने के बाद से अक्षय कुमार की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पानी मांगती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी सुपरहिट कॉमेडी फिल्मों के सीक्वल बनाने का फैसला लिया है। बीते दिनों ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अक्षय कुमार हेरा फेरी 3 के साथ-साथ आवारा पागल दीवाना 2 को भी जल्द शुरू करेंगे। अक्षय कुमार को ऐसा लगता है कि दर्शक उनकी कॉमेडी फिल्में देखने के लिए जरूर सिनेमाघरों में लौटेंगे।
बॉलीवुड के गलियारों से सामने आई ताजा रिपोर्ट की मानें तो अक्षय कुमार की आवारा पागल दीवाना 2 में सुनील शेट्टी और परेश रावल के बाद संजय दत्त और अरशद वारसी की एंट्री हो गई है। फिल्म से जुड़े सूत्र ने पिंकविला को बताया है, 'फिल्म के मेकर्स एक मल्टीस्टारर कॉमेडी मूवी बनाना चाहते हैं। आवारा पागल दीवाना 2 में बहुत बड़ी स्टारकास्ट दिखाई देगी, जिसे मेकर्स बहुत बड़े स्केल पर शूट करेंगे। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ-साथ संजय दत्त और अरशद वारसी भी दिखाई देंगे। फिल्म आवारा पागल दीवाना 2 की शूटिंग अगले 2 महीनों में शुरू हो जाएगी।'
फिल्म आवारा पागल दीवाना 2 अभी प्री-प्रोडक्शन स्टेज पर है। अहमद खान और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला मिलकर इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। सूत्र के अनुसार, 'फिल्म की कहानी पर इन दिनों काम चल रहा है। निर्माता आवारा पागल दीवाना 2 की शूटिंग लोकेशन्स भी फाइनल करने में लगे हुए हैं। अगले 2 महीनों में फिल्म की सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी।' अक्षय कुमार की मूवी आवारा पागल दीवाना 2 अगले साल रिलीज होगी।
