Gunjan Saxena: The Kargil Girl का Trailer रिलीज- दिखी युद्ध क्षेत्र में गई महिला पायलट के संघर्ष की झलक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 1, 2020, 11:13 AM IST

Gunjan Saxena: The Kargil Girl Trailer: वायुसेना की महिला पायलट की कहानी पर आधारित 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। यह 12 अगस्त को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है।

Gunjan Saxena: The Kargil Girl का Trailer रिलीज- दिखी युद्ध क्षेत्र में गई महिला पायलट के संघर्ष की झलक
Photo Credit: Instagram

मुंबई: जान्हवी कपूर अभिनीत फिल्म 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' का प्रीमियर 12 अगस्त को ऑनलाइन होने जा रहा है और शनिवार को बायोपिक का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। शरण शर्मा के निर्देशन में बनी असल जिंदगी पर आधारित फिल्म वायुसेना की महिला पायलट गुंजन सक्सेना के संघर्ष और कामयाबी की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है।

गुंजन युद्ध क्षेत्र में जाकर ऑपरेशन को अंजाम देने वालीं भारत की पहली महिला पायलट थीं। गुंजन ने 1999 में हुए कारगिल युद्ध के दौरान सैनिकों को बचाया था और युद्ध के दौरान साहस व धैर्य दिखाने के लिए उन्हें शौर्य वीर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अंगद बेदी और विनीत कुमार सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं।

हाल ही में रिलीज किए गए ट्रेलर में गुंजन सक्सेना के जीवन और भारतीय वायुसेना के पायलट बनने की दिशा में एक यात्रा की झलक मिलती है। यहां देखें गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल का ट्रेलर:

कोरोना के चलते टल गई थी रिलीज:
'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' की शूटिंग फरवरी 2019 में लखनऊ में शूरू हुई थी और शुरुआत में इसकी निर्धारित रिलीज की तारीख 24 अप्रैल थी, लेकिन महामारी के कारण देशव्यापी लॉकडाउन के बाद, निर्माताओं ने डिजिटल रिलीज़ का विकल्प चुनने का फैसला किया है।

गुंजन सक्सेना की कहानी:
यह उस महिला पायलट के संघर्ष और सफलता की कहानी पर आधारित फिल्म है जिसने कारगिल युद्ध के समय लड़ाई के मैदान में हेलीकॉप्टर उड़ाकर अहम योगदान दिया था। 1994 में गुंजन उन 25 युवा महिलाओं में से एक बन गईं, जो भारतीय वायु सेना ट्रेनी पायलट के पहले महिला बैच का हिस्सा थीं। धर्मा प्रोडक्शंस और ज़ी स्टूडियो द्वारा संयुक्त रूप से बनाई गई गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल 12 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी।

End of Article