Sneha Singh Song: सिंगर स्नेहा सिंह ने किया बॉलीवुड डेब्यू, ‘ब्रेकअप सॉन्ग’ हुआ रिलीज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 24, 2022, 03:00 PM IST

‘लख बार दिल मेरा तोड़ा, थोड़ा तो लिहाज़ करते’….इन बोलों के साथ सिंगर स्नेहा सिंह ने बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर दिया है।

Sneha Singh Song: सिंगर स्नेहा सिंह ने किया बॉलीवुड डेब्यू, ‘ब्रेकअप सॉन्ग’ हुआ रिलीज

Sneha Singh bollywood debut: ‘लख बार दिल मेरा तोड़ा, थोड़ा तो लिहाज़ करते’….इन बोलों के साथ सिंगर स्नेहा सिंह ने बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर दिया है। उनका यह गाना जी म्यूजिक कंपनी ने आज लॉन्च किया और आते ही इस गाने के चर्चे शुरु हो गए क्योंकि सिंगर स्नेहा सिंह ने अपने इस सिंगल को ‘ब्रेकअप सॉन्ग’ करार दिया है। प्यार में धोखा खाने के बाद दिल टूटने के दर्द को स्नेहा की आवाज़ ने अलग रंग दिया है और स्नेहा को उम्मीद है कि जिनका दिल प्रेम में टूटा है, उन्हें यह गाना जरुर पसंद आएगा। स्नेहा कहती हैं,  “ये मेरे अंदाज का ब्रेकअप सॉन्ग है। लड़की का दिल जब प्यार में टूटता है तो उसकी कसक इस गाने में है।”

स्नेहा की खूबसूरत आवाज़ में ढला गीत ‘लिहाज़’ को गीतकार कुमार ने लिखा है, जिन्हें बॉलीवुड में ‘इश्क तेरा तड़पाए’ और ‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे शानदार गीतों के लिए जाना जाता है। स्नेहा कहती हैं, “गीत के बोल जितने खूबसूरत और दिल को छूने वाले हैं, उतना ही अलग इसका वीडियो है। हमारी पूरी टीम ने इस गाने को बनाने में बहुत मेहनत की है और लॉन्च होने के बाद अभी तक जितना भी फीडबैक आया है, वो उत्साह बढ़ाने वाला है।”

स्नेहा अपने गायन के शौक के बारे में कहती हैं, “मेरी एक्टिंग और सिंगिंग में शुरु से दिलचस्पी रही है। कोविड के दौरान मैंने सिंगिंग पर खास ध्यान दिया और अब ‘लिहाज’ के साथ आप लोगों के सामने हूं। मैं ट्रेन्ड सिंगर नहीं हूं, लेकिन अब मेहनत कर रही हूं और आने वाले दिनों में कुछ और गानों के साथ सामने आऊंगी।”  

गौरतलब है कि बॉलीवुड में कई सिंगर अपने सिंगल्स लेकर मैदान में उतरते हैं, लेकिन ज्यादातर को निराशा ही हाथ लगती है। स्नेहा इस मामले में अलग साबित हो सकती हैं,क्योंकि उनकी आवाज़ सामान्य आवाज़ सरीखी नहीं है, और अपने पहले ही गाने से उन्होंने साबित कर दिया है कि वो भले ट्रेन्ड सिंगर ना हो लेकिन उनकी रेंज अच्छी है और अगर उन्हें सही मौके मिले तो वो इस फील्ड में दूर तक जा सकती हैं।

End of Article