बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के लाखों चाहने वाले हैं जो बेसब्री से उनकी फिल्में रिलीज होने और उनकी एक झलक पाने का इंतजार करते हैं। सलमान के जो फैंस उन्हें देखना चाहते हैं वो ईद के मौके पर उनके घर के बाहर पहुंच जाते हैं, क्योंकि यही वो दिन है जब दबंग खान घर के बाहर बालकनी में आकर फैंस को वेव करते हैं। लेकिन यह ईद हर साल से काफी अलग रही, क्योंकि इस साल सलमान ने अपने फैंस को वेव नहीं किया। आखिर क्या है इसकी वजह?
सलमान ने क्यों उठाया ये कदम?
सलमान खान ने बीते कई वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को तोड़ा और इसकी वजह है उनकी सुरक्षा। रिपोर्ट्स की मानें तो लॉरेन्स बिश्नोई गैंग से हत्या की धमकी मिलने के बाद सलमान ने सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया। ईटाइम्स की खबर के मुताबिक एक सूत्र ने उन्हें बताया कि सुरक्षा कारणों से सलमान के अपार्टमेंट के पास 10 स्पेशल फोर्स ऑफिसर्स को तैनात किया गया। ये ऑफिसर फिल्म के सेट पर भी सलमान के साथ रहते हैं। इतना ही नहीं उनकी बिल्डिंग और आसपास के इलाके में 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
मिल चुकी है धमकी
मालूम हो कि 29 मई को पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। इतना ही नहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान की हत्या करने के लिए शार्प शूटर सलमान के घर के बाहर और उनके करीब पहुंच गया था। शार्पशूटर सलमान खान पर गोली चलाने वाला ही था तभी पुलिस की वैन आ गई और वो वहां से भाग गए। इसके बाद सलमान खान के वकील हस्तीमल सारस्वत को जान से मारने की धमकी मिली। कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक पत्र के जरिए जान से मारने की धमकी दी थी।
वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म कभी ईद कभी दिवाली की शूटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा को फिल्म टाइगर 3 में भी दिखाई देंगे।

