Rohit shetty's Indian Police Force featuring Sidharth Malhotra: सिंघम, सिंबा और सूर्यवंशी जैसी पुलिस की कहानियों पर आधारित फिल्म बना चुके रोहित शेट्टी अब अपनी अगली फिल्म 'इंडियन पुलिस फोर्स' के साथ तैयार हैं। इस नई फिल्म के साथ रोहित शेट्टी ओटीटी की दुनिया में एंट्री करने वाले हैं। पहले अजय देवगन, फिर रणवीर सिंह और अक्षय कुमार को वर्दी पहनाने के बाद रोहित इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा को वर्दी पहनाकर लाए हैं।
शेरशाह में आर्मी ऑफिसर का रोल निभाने के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा अब रोहित शेट्टी की फिल्म से अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारी कबीर मलिक की भूमिका में होंगे। मेकर्स की ओर से इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने की झलक एक वीडियो के माध्यम से साझा की गई है जिसमें हथियारों का जखीरा, पुलिस की स्कॉपियों कारों का काफिला और सिद्धार्थ मल्होत्रा का लुक नजर आता है। मेकर्स ने इस वीडियो के साथ फिल्म के टाइटल की घोषणा की है।
कब और कहां होगी रिलीज
रोहित शेट्टी की ये फिल्म सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी। मेकर्स के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह फिल्म अमेजन प्रॉइम पर रिलीज होगी। चुंकि अभी इसकी शूटिंग शुरू हुई है, ऐसे में रिलीज डेट के लिए इंतजार करना होगा। मेकर्स जल्द इसकी रिलीज डेट जारी करेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म मुंबई की अलग-अलग लोकेशन में शूट की जाएगी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सिद्धार्थ मल्होत्रा आखिरी बार शेरशाह में नजर आए थे। अब सिद्धार्थ फिल्म मिशन मजनू में नजर आएंगे। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के अपोजिट पुष्पा फिल्म की लीड एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना होंगी। सिद्धार्थ मल्होत्रा इसके अलावा करण जौहर की फिल्म योद्धा में भी नजर आएंगे। इसके अलावा वह रकुलप्रीत सिंह और अजय देवगन की फिल्म थैंक गॉड में काम करेंगे।

