Exclusive: Marjaavaan के डायरेक्‍टर का खुलासा, 3 फुट के व‍िलेन से लड़ने की सिद्धार्थ ने खुद जताई थी इच्‍छा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 2, 2019, 02:12 PM IST

मरजावां के ट्रेलर में 3 फीट के बौने विलेन रितेश देशमुख हीरो सिद्धार्थ मल्‍होत्रा के खून के प्‍यासे नजर आ रहे हैं लेकिन डायरेक्‍टर मिलाप का कहना है कि दोनों के बीच करीबी और दिली रिश्‍ता है।

Exclusive: Marjaavaan के डायरेक्‍टर का खुलासा, 3 फुट के व‍िलेन से लड़ने की सिद्धार्थ ने खुद जताई थी इच्‍छा

आठ नवंबर को रिलीज होने वाली सिद्धार्थ मल्होत्रा, तारा सुतारिया और रितेश देशमुख की नई फिल्म मरजावां का ट्रेलर यूट्यूब पर छाया हुआ है। यह फ‍िल्‍म इश्‍क, बगावत और इंतकाम को पर्दे पर लेकर आएगी। एक्‍शन और रोमांस से भरी यह एक कंपलीट मसाला फिल्म है। ट्रेलर में रितेश देशमुख बौने विलेन के रूप में नजर आ रहे हैं। वह 3 फुट के खतरनाक व‍िलेन के रोल में नजर आए हैं। फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों के जेहन में कई सवाल छोड़े।

फ‍िल्‍म की कहानी कैसी है, रितेश देशमुख को बौना क्‍यों बनाया गया है, तारा सुतारिया का किरदार शांत क्‍यों नजर आ रहा है और भी कई सवाल। इन सवालों के जवाब के लिए टाइम्‍स नाउ हिंदी ने एक्‍सक्‍लूसिव बात की मरजावां के डायरेक्‍टर मिलाप मिलन जावेरी से। बातचीत में इन सभी सवालों के जवाब मिले और कुछ ऐसे जवाब हैं जो आपको और हमको भी फ‍िल्‍म देखने पर ही मिलेंगे। पेश है मिलाप से हुई बातचीत के अंश-

सवाल - सत्‍यमेव जयते और उसके बाद मरजावां जैसी एक्‍शन मसाला मूवी। आप इस तरह एक्‍शन डायरेक्‍टर  के तौर पर पहचान बना रहे हैं। कौन सी वो बात है जो आपको इस तरह की फिल्में करने को प्रेरित कर रही है?
जवाब- मुझे बचपन से एक्‍शन फिल्में देखने का शौक था। अमिताभ बच्‍चन साहब की फिल्में, डायरेक्‍ट मुकुल आनंद की फिल्में, राजकुमार संतोषी जी की फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं। मसाला फिल्में बनाने का सिलसिला सत्‍यमेव जयते के रूप में शुरू हुआ। उस फिल्म को दर्शकों का खूब प्‍यार मिला तो मेरा हौंसला बढ़ा। बस यही हौंसला मेरी प्रेरणा है। 

सवाल -  मरजावां में एक टिपिकल हिंदी फिल्म का सारा मसाला है, एक्‍शन है, रोमांस है, दुश्‍मनी है। कहानी चूंकि आपकी अपनी है तो कैसे आपके दिमाग में यह प्‍लॉट आया?
जवाब- मैं ऐसी कहानी लिखता हूं जिसमें एक्‍शन तो हो लेकिन इमोशंस मिस ना हों। मरजावां एक ऐसी है एक्‍शन और बदले से भरी इमोशनल स्‍टोरी है जिसमें कई मौके ऐसे आएंगे जहां दर्शक भावुक हो जाएंगे। 

सवाल - इस फिल्म में आपने कोई बहुत पॉपुलर स्‍टार कास्‍ट को नहीं लिया है। सिद्धार्थ मल्‍होत्रा और रितेश देशमुख को चुनने की कोई खास वजह? क्‍या एक विलेन की इस जुगलबंदी से यह विचार आया?
जवाब- दरअसल, इसके पीछे एक कहानी है। मैंने यह कहानी लिखी थी लेकिन इसे पहले कोई और डायरेक्‍ट करने वाला था। भूषण कुमार और निखिल आडवाणी के पास यह स्क्रिप्‍ट थी। उन्‍होंने रितेश को सुनाई तो उन्‍हें बेहद पसंद आई और वह विलेन के रोल के लिए फाइनल हुए। इसके बाद सिद्धार्थ मल्‍होत्रा को कहीं से पता चला कि मेरे पास ऐसी स्क्रिप्‍ट है तो उन्‍होंने भूषण कुमार से खुद लीड रोल की इच्‍छा जाहिर की। इसके बाद भूषण जी और निखिल जी ने मुझसे इस फिल्म को डायरेक्‍ट करने के लिए कहा। तब सिद्धार्थ के लिए रोल फाइनल हुआ। सिद्धार्थ और रितेश की जुगलबंदी सोची समझी साजिश नहीं है। 

सवाल - ट्रेलर में सभी कलाकार अपने किरदारों में दमदार लगे हैं। तारा सुतारिया ने अंदाज से दिल जीता है। उन्‍हें चुनने के पीछे क्‍या वजह रही। 
जवाब- इस फिल्म में जो लीड एक्ट्रेस है, वो बेजुबान है। इसलिए हमें इसके लिए एक फ्रेश चेहरा चाहिए था जिसे एक्टिंग आती हो। जो बिना बोले भी स्‍क्रीन पर अपनी अदाकारी से जम जाए। मासूमियत और खूबसूरती इस रोल की दरकार थी। तब किसी ने तारा का नाम सुझाया और मैं उनसे मिला। पहली मुलाकात में ही उन्‍हें फाइनल कर दिया गया था। 

सवाल - रितेश देशमुख को 3 फीट का विलेन बनाया गया है। उन्‍हें बौना दिखाने के पीछे कोई खास वजह या उनका रोल किसी गैंग्‍स्‍टर से प्रेरित है? 
जवाब- कहानी की ऐसी जरूरत थी। रितेश का किरदार वाकई दमदार है। उन्‍हें देखकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। उनकी हाइट तीन फीट है लेकिन वह खुद को किसी से कम नहीं समझते हैं। उनके और सिद्धार्थ के बीच एक करीबी रिश्‍ता है जो फिल्म देखने के बाद पता चलेगा। वह फिल्म में सिद्धार्थ से जलते हैं, उनकी ताकत से जलते हैं। रितेश एक विलेन में खलनायक बन चुके हैं, तो उनके किरदार को अलग दिखाना था। हालांकि उनकी हाइट कम रखने के पीछे भी कारण है, जो दर्शक फिल्म में जान पाएंगे।

End of Article