Lata Mangeshkar gives Rs 7 Lakh to maharashtra CMRF for Covid: देश कोरोना की दूसरी और घातक लहर की चपेट में है। हर तरफ हाहाकार मचा है। बीते 24 घंटे में चार लाख से अधिक नए कोरोना केस सामने आए हैं। आए दिन हजारों लोगों की यह वायरस जान ले ले रहा है। लोग अस्पतालों के बाहर खड़े हैं, सोशल मीडिया पर मदद मांग रहे हैं। किसी को बेड चाहिए, किसी को वेंटिलेटर, किसी को ऑक्सीजन सिलेंडर तो किसी को रेमेडिसिवर। ऐसे में कई सितारे भी हैं जो लोगों की मदद कर रहे हैं।
अब कोरोना से जंग में प्रसिद्ध गायिका भारत रत्न लता मंगेशकर भी आगे आई हैं। कोरोना से निपटने के लिए लता मंगेशकर ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में 7,00,000 रुपये का योगदान दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस विशेष कोष के लिए भारत रत्न लता मंगेशकर जी ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए मदद की है। CM की ओर से इस फंड में योगदान देकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मदद करने के लिए महाराष्ट्र के लोगों से अपील की गई है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोविड के प्रयासों में मदद करने के लिए सुप्रसिद्ध गायक का आभार व्यक्त किया है। बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद, भूमि पेडनेकर, रवीना टंडन, एक्टर गुरमीत चौधरी, विनीत सिंह, पंकज त्रिपाठी भी लोगों की मदद में जुटे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की जरूरतें पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। कई पॉपुलर हिट शोज में नजर आ चुकीं अदाकारा गीतांजलि मिश्रा भी इन दिनों कोरोना की जंग में लोगों की मदद करने में जुटी हैं।

