नाशिक के रामकुंड में प्रवाहित की गईं लता मंगेशकर की अस्थियां, काशी और हरिद्वार में भी होगा विसर्जन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 10, 2022, 01:03 PM IST

स्वर कोकिला लता मंगेशकर की अस्थियों के विसर्जन के लिए उनका परिवार नाशिक के रामघाट पहुंचा। लता जी की अस्थियां नाशिक, महादेव की नगरी काशी और हरिद्वार में प्रवाहित की जाएंगी।

नाशिक के रामकुंड में प्रवाहित की गईं लता मंगेशकर की अस्थियां, काशी और हरिद्वार में भी होगा विसर्जन

Lata Mangeshkar Asthi Visarjan: स्वर कोकिला लता मंगेशकर के परिवार ने उनकी अस्थियों का विसर्जन पवित्र तीन स्थानों पर करने का फैसला किया है। अस्थि कलश लेकर गुरुवार (10 फरवरी) को लता जी का पूरा परिवार विसर्जन के लिए नाशिक पहुंचा। लता जी का अस्थि विसर्जन नाशिक के रामकुंड में किया जाएगा। लता जी की अस्थियां नाशिक, महादेव की नगरी काशी और हरिद्वार में प्रवाहित की जाएंगी। जानकारी के मुताबिक यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लता मंगेशकर के परिवार के साथ काशी में मौजूद रहेंगे। 

बता दें कि लता मंगेशकर का 6 फरवरी को निधन हो गया था। लता जी पंचतत्व में विलीन हो चुकी हैं। शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतमि संस्कार किया गया था। लता मंगेशकर को उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने मुखाग्निन दी थी और बीते दिन उनके भतीजे आदिनाथ मंगेशकर ने लता जी की अस्थियां ग्रहण कीं। रिपोर्ट के अनुसार, हरिद्वार में भी लता मंगेशकर की अस्थियों के एक कलश का विसर्जन किया जा सकता है।

फैंस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) को चिट्ठी लिखकर मांग की है शिवाजी पार्क में जहां लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार किया गया, वहीं पर उनका स्मृति स्थल बनाया जाए।

बता दें कि पद्म विभूषण, भारत रत्न, दादा साहेब फाल्के जैसे पुरस्कारों से सम्मानित, स्वर कोकिला कही जाने वाली महान गायिका लता मंगेशकर के निधन से पूरा देश गमगीन है। सिनेमा जगत से लेकर खेल, राजनीति और उद्योग जगत के लोग उन्हें श्रद्धाजलि अर्पित कर रहे हैं। कई जगह से तस्वीरें भी सामने आ रही हैं जहां फैंस इस खबर को सुनने के बाद अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। लता मंगेशकर बीते महीने से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं। 

End of Article