JugJugg Jeeyo BO Collection Day 10: रिलीज के 10वें दिन फिल्म 'जुग जुग जियो' की शानदार कमाई, वीकेंड पर किया इतना कलेक्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2022, 07:49 AM IST

JugJugg Jeeyo Box Office Collection Day 10: वरुण धवन और कियारा आडवाणी की फिल्म जुग जुग जियो इस साल की अच्छी कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। दर्शकों को ये फैमिली ड्रामा फिल्म पसंद आ रही है। जानें फिल्म की 10 दिन की कमाई।

JugJugg Jeeyo BO Collection Day 10: रिलीज के 10वें दिन फिल्म 'जुग जुग जियो' की शानदार कमाई, वीकेंड पर किया इतना कलेक्शन

बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन, कियारा आडवाणी, अनिल कपूर और नीतू कपूर स्टारर फिल्म जुग जुग जियो को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का प्यार मिल रहा है और फिल्म बेहतरीन कमाई कर रही है। फिल्म को वीकेंड पर फायदा मिला है। 

फिल्म 24 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी और रिलीज के 10 दिन में इसकी कमाई 67 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे रविवार को (03 जुलाई) करीब 06 करोड़ रुपये की कमाई की जिसके बार इसकी कुल कमाई 67.44 करोड़ रुपये हो गई है। इससे पहले शनिवार को फिल्म ने 4.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। 

कैसी रही अब तक की कमाई

फिल्म ने सोमवार को 4.82 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद मंगलवार को फिल्म ने 4.52 करोड़ रुपये, बुधवार को 3.97 करोड़ रुपये, गुरुवार को 3.42 करोड़ रुपये, शुक्रवार को 3.03 करोड़ रुपये और शनिवार को 4.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। बता दें कि फिल्म ने रिलीज के दिन 9.28 करोड़ रुपये कमाए थे।

फिल्म के नाम हैं ये दो रिकॉर्ड

मालूम हो कि फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा ओपनिंग वीकेंड कमाई करने वाली टॉप चार फिल्मों की लिस्ट में शामिल है। इस लिस्ट में 55.96 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पहले नंबर पर है कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया 2, दूसरे नंबर पर है अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज जिसने रिलीज के पहले वीकेंड 39.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी। 39.12 करोड़ रुपये की कमाई के साथ आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाडी तीसरे नंबर पर है। इसके बाद चौथे नंबर पर है जुग जुग जियो जिसने रिलीज के पहले वीकेंड पर 36.93 करोड़ रुपये कमाए। इसके अलावा फिल्म इस साल रिलीज के पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप पांच हिंदी फिल्मों की लिस्ट में भी शामिल है।

कैसी है 'जुग जुग जियो' की कहानी

फिल्म जुगजुग जियो फैमिली ड्रामा है, जिसमें वरुण धवन और कियारा आडवाणी पति- पत्नी के रोल में हैं जबकि अनिल कपूर और नीतू कपूर फिल्म में वरुण के पेरेंट्स का रोल प्ले कर रहे हैं। अनिल और वरुण यानी पिता और बेटे दोनों ही अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश नहीं हैं और अपनी अपनी पत्नियों से तलाक लेना चाहते हैं। फिल्म में भरपूर कॉमेडी है जो दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। फिल्म में इसके अलावा मनीष पॉल और प्राजक्ता कोली भी हैं।

End of Article