Adipurush Row: फिल्म आदिपुरुष पर पनपे विवाद के बीच मंगलवार (20 जून, 2023) को डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर लोगों के निशाने पर आ गए। माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर लोग उन्हें नाम का हैशटैग ट्रेंड कराते हुए उन्हें आईना दिखाने लगे। सोशल मीडिया यूजर्स इस दौरान पुराने वीडियो और फोटो शेयर करते हुए बोले कि रामानंद सागर की रामायण देखने के बाद लोगों के आंसू छूट आया करते थे, जबकि ओम राउत की बनाई आदिपुरुष (रामायण आधारित फिल्म) में ढेर सारी खामियां नजर आती हैं।
फिल्म को लेकर इस कदर विरोध और विवाद बढ़ गया कि इसके डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर शुक्ला ने अपनी जान का खतरा बताया और उन्होंने मुंबई पुलिस से प्रोटेक्शन मांगा था। पुलिस की ओर से बताया गया था, "हमें मनोज शुक्ला से एक आवेदन मिला है। हम उन्हें सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं, क्योंकि उनकी जान को खतरा है।" उन्होंने कहा कि पुलिस खतरे को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वैसे, शुक्ला ने रविवार को कहा था कि निर्माताओं ने ‘‘कुछ संवादों को संशोधित करने’’ का फैसला किया है। उन्होंने कहा था कि संशोधित पंक्तियां इस सप्ताह तक फिल्म में जोड़ दी जाएंगी। बाद में, टी-सीरीज़ ने कहा कि टीम ने "जनता के इनपुट" को महत्व देने के लिए "आदिपुरुष" के संवादों में बदलाव करने का फैसला किया है।
महाकाव्य रामायण पर बनी यह फिल्म 16 जून 2023 को रिलीज हुई थी, जिसमें साउथ के स्टार प्रभास, बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनॉन और सैफ अली खान के अहम रोल निभाए थे। हालांकि, इस फिल्म में दिखाए गए डायलॉग्स और वीएफएक्स को लेकर निर्देशक, निर्माता और स्क्रिप्ट राइटर की खासा फजीहत हुई थी।
