Kartik will romance with new girl in Aashiqui 3: बॉलीवुड निर्माता मुकेश भट्ट ने इस साल सितम्बर के महीने में ऐलान किया था कि वो आशिकी सीरीज की तीसरी कड़ी बनाने जा रहे हैं, जिसमें कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) होंगे। इस फिल्म का डायरेक्शन अनुराग बसु करेंगे, जो भट्ट कैंप के साथ सालों से जुड़े रहे हैं। जब से कार्तिक आर्यन की आशिकी 3 (Aashiqui 3) का ऐलान हुआ है, तब से ही ऐसा सुनने में आ रहा है कि वो इस फिल्म में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) के साथ रोमांस करते दिखाई दे सकते हैं। दीपिका पादुकोण और कार्तिक आर्यन पब्लिक प्लेस में कई दफा एक-दूसरे के साथ हंसी मजाक करते देखे गए हैं, जिस कारण लोग यह मानने को मजबूर हो गए थे कि आशिकी 3 में इन दोनों की जोड़ी बनेगी।
हालांकि निर्माता मुकेश भट्ट ने पिंकविला से बात करते हुए यह साफ कर दिया है कि आशिकी 3 में अभी तक कोई हसीना कास्ट नहीं की गई है। वो आशिकी 3 के लिए एक नए चेहरे की तलाश में हैं, जो कार्तिक आर्यन के साथ रोमांस करती दिखेगी। मुकेश भट्ट ने बताया है, ‘हम लोग अभी तक आशिकी 3 के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे हैं। हम इस फिल्म के साथ नए चेहरे को लॉन्च करना चाहते हैं। हमारा प्लान है कि हम अगले साल की शुरुआत में आशिकी 3 की शूटिंग शुरू कर दें। इन दिनों हम स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं।’
मुकेश भट्ट के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि आशिकी 3 में दीपिका पादुकोण ही नहीं बल्कि कोई भी बड़ी हीरोइन दिखाई नहीं देगी। मेकर्स कार्तिक आर्यन के अपोजिट एक नया चेहरा लेंगे, जिसे दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। वैसे आपके अनुसार आशिकी 3 के लिए मेकर्स ने सही फैसला लिया है या नहीं? हमें कमेंट में जरूर बताएं।
