Aamir Khan on Guru Nanak Dev Movie Controversy: इंटरनेट पर सिख समुदाय के पहले गुरु नानक देव महाराज की जिंदगी पर आधारित मूवी का ट्रेलर वायरल हो रहा है, जिसमें आमिर खान दिखाई पड़ रहे हैं। काफी लम्बे समय से आमिर खान की कोई मूवी रिलीज नहीं हुई है, जिस कारण फैंस को भरोसा हो चला है कि वो जल्द ही गुरु नानक देव के किरदार में दिखाई देंगे। हालांकि इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है। आमिर खान ने कुछ देर पहले ही आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया है कि वायरल हो रहे ट्रेलर से उनका कोई लेना-देना नहीं है और न ही वो ऐसी किसी मूवी में काम कर रहे हैं।
आमिर खान की टीम ने आधिकारिक बयान में कहा है, 'इंटरनेट पर आमिर खान का जो पोस्टर वायरल हो रहा है, जिसमें वो गुरुनानक देव के रूप में नजर आ रहे हैं, वो फेक है। इस तरह की किसी फिल्म से आमिर खान का कोई लेना-देना नहीं है। ये तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है। आमिर खान गुरु नानक देव की बहुत इज्जत करते हैं और ऐसे किसी भी प्रोजेक्ट के साथ जुड़कर उनकी बेइज्जती करने की कोशिश नहीं करेंगे। लोग इस फेक पोस्टर पर भरोसा न करें और न ही ऐसी किसी न्यूज को ज्यादा तवज्जो दें।'
बताते चलें कि जैसे ही आमिर खान का गुरु नानक देव के रूप में फेक पोस्टर और वीडियो वायरल हुआ, राजनीतिक पार्टियों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया था। आमिर खान ने आधिकारिक बयान जारी करके सभी तरह के विरोधों को शांत कर दिया है। आमिर खान जल्द ही सितारे जमीन पर नाम की फिल्म में नजर आएंगे, जिसकी शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा आमिर ने अब तक किसी दूसरे प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया है।
