Pawan Singh Jyoti Singh Fight: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की जिंदगी इन दिनों किसी फिल्म से कम नजर नहीं आ रही है। हर दिन पवन सिंह की जिंदगी में नई-नई घटनाएं हो रही हैं, जिनकी वजह से खबरें बन रही हैं। पहले पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह अचानक उनके घर पहुंच गई, जिसके बाद इंटरनेट पर कुछ वीडियोज आग की तरह वायरल हुई। इसके बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और फिर अपनी बात सही ढंग से लोगों के सामने रखने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस तक करनी पड़ी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पवन सिंह ने पत्नी ज्योति सिंह पर राजनीति से प्रेरित होने का आरोप लगाया और ये कहा कि वो विधायक बनना चाहती हैं, जिस कारण ये सारा ड्रामा कर रही हैं।
पवन सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपनी बातें लोगों के सामने रख पाते और वो बातें लोगों को समझ आती उससे पहले ही उनकी पत्नी का एक वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैलने लगा है। इस पोस्ट में ज्योति सिंह ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो पवन सिंह पर ये आरोप लगाती नजर आ रही हैं कि वो अपनी पहुंच का गलत फायदा उठा रहे हैं और पुलिस के साथ मिलकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ज्योति सिंह ने इस वीडियो के जरिए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है।
ज्योति सिंह ने इंटरनेट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, "माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ सादर नमस्कार, 🙏 आपको न्याय और इंसाफ के लिए पूरे उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में जाना जाता है। 5 अक्टूबर को मेरे साथ आपकी शासन की पुलिस — विशेष रूप से थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के SHO उपेन्द्र सिंह — द्वारा जिस प्रकार का अभद्र और अपमानजनक व्यवहार किया गया, उन्होंने मुझे गहराई से आहत किया है। एक पीड़ित महिला के साथ इस प्रकार की बदसलूकी यह दर्शाती है कि कुछ अधिकारी “जनसेवक” होने के बावजूद जनता के साथ किस तरह का व्यवहार करते हैं।"
माननीय मुख्यमंत्री जी, एक ओर केंद्र और राज्य सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी को आगे बढ़ाओ” जैसे नारों से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आपकी पुलिस ही एक बेटी के साथ दुर्व्यवहार कर उस नीति का मज़ाक बना रही है। मैं उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बेटी होने के नाते आपसे यह पूछना चाहती हूँ कि क्या आज एक पत्नी अपने पति से मिलने जाए तो उस पर भी मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है? यह सिर्फ मेरा सवाल नहीं है, यह मेरे जैसी सभी पीड़ित महिलाओं का सवाल है। मुख्यमंत्री जी, ऐसे अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी पुलिस अधिकारी इस प्रकार की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे। आपसे न्याय की अपेक्षा में, आपकी एक पीड़ित बेटी, ज्योति सिंह"
ज्योति सिंह ने इस वीडियो के जरिए पुलिस के रवैये पर भी सवाल खड़े किए हैं और पवन सिंह को भी घेरने की कोशिश की है। देखना दिलचस्प रहेगा कि पवन सिंह-ज्योति सिंह का केस जितना टेढ़ा होता जा रहा है, उसमें सीएम योगी आदित्यनाथ क्या कदम उठाते हैं।
