इलेक्शन

UP Nikay Chunav 2023 : योगी ने सपा को बताया 'विध्वंसात्मक पार्टी', कहा- रामभक्‍तों का लहू बहाकर अयोध्‍या को बदनाम किया

UP Nikay Chunav 2023 : चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे योगी ने कहा क‍ि, अयोध्या आज अपने गौरव के साथ दुनिया को आकर्षित कर रही है। 2017 के पहले जो लोग अयोध्या का नाम लेने व आने में कतराते थे। आज उनमें अयोध्या आने की होड़ लगी है।

Image

योगी आदित्‍यनाथ। (तस्‍वीर साभार : Twitter)

UP Nikay Chunav 2023 : अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के निशाने पर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) रही। उन्होंने कहा कि 'सपा ने अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट में रोड़ा अटकाने का काम किया था। सपा का नाम ही विध्वंसात्मक पार्टी होना चाहिए। यह न कभी अच्छा कर सकते, न सोच सकते। इनकी सोच आतंकियों, अपराधियों, विकास में रोड़ा अटकाने व अराजकता फैलाने वालों के साथ होती है। यह विकास के पग-पग पर रोड़ा अटकाएंगे। उनका काम है रोड़ा अटकाना, हमारा काम है बैरियर हटाकर विकास के कार्य को प्रशस्त कर लेना।' वहीं, गुरुवार को योगी ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष के अंत तक यह इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भाजपा के महापौर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित किया। सीएम ने अपील करते हुए ये भी कहा कि अयोध्या पावन धाम है, यहां से सकारात्मक व सात्विक प्रवृत्ति के लोग ही जीतकर जाने चाहिए।

'आज लोगों में अयोध्‍या आने की होड़'

चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे योगी (CM Yogi) ने कहा क‍ि, अयोध्या आज अपने गौरव के साथ दुनिया को आकर्षित कर रही है। 2017 के पहले जो लोग अयोध्या का नाम लेने व आने में कतराते थे। आज उनमें अयोध्या आने की होड़ लगी है। हर व्यक्ति देखना चाहता है कि आखिर अयोध्या में क्या है। उन्हें नहीं मालूम कि रामभक्तों ने 500 वर्ष से इस लड़ाई को रुकने व थमने नहीं दिया। निरंतर संघर्ष-प्रयास होता रहा। हम सभी पीएम मोदी के नीति व युक्ति के आभारी हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि मुक्ति के इस अभियान को जो स्वरूप दिया कि उसका परिणाम है कि इस वर्ष के अंत तक राम मंदिर के भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा होगा। तब अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरी में से एक होगी।

'अयोध्‍या को फिर दिलाई रामराज्‍य की पहचान'

योगी ने अयोध्या को लेकर जनसभा में कहा क‍ि रामनगरी को नगर निगम के रूप में मान्यता देने के लिए हस्ताक्षर करने का सौभाग्य मुझे मिला। वहीं, कुछ लोग रामभक्तों का लहू बहाकर अयोध्या को बदनाम कर रहे थे पर जब हमें अवसर मिला तो हमने अयोध्या की पुरातन रामराज्य की पहचान दिलाने का प्रयास किया। 'जब नर करहिं परस्पर प्रीति, चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति' हम सभी ने इस भाव के साथ अयोध्या में कार्य किया। आज अयोध्या बदल रही है, सबको आकर्षित कर रही है। हमारे जनप्रतिनिधियों ने पूरी ताकत के साथ इस कार्य को बढ़ाया, इसलिए हम चाहते हैं कि नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए महंत गिरीश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में बोर्ड बने।

देश की पहली सोलर सिटी होगी अयोध्‍या

सीएम ने कहा बताया कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी बनने वाली है। सूर्यवंश की राजधानी है तो सोलर एनर्जी का प्रयोग होगा। यह कार्यक्रम लागू करने की तैयारी हो रही है।कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, नहरों, सरयू मइया के किनारे चारों ओर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन का कार्य होगा और उससे अयोध्या जगमग करती रहेगी। यह वही अयोध्या है, जिसके बारे में विरोधी लोग कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। लाखों कारसेवकों ने यहां पहुंचकर ताकत का अहसास करा दिया था।

सपा की जमकर लगाई क्‍लास

योगी ने कहा कि अयोध्या में आज सब कुछ है। पिछली सरकार के लोग भी चुनाव लड़ने आए हैं, पूछिए कि 2012 में जब सपा की सरकार बनी थी तो उन्होंने पहला फैसला रामजन्म भूमि पर हमला करने वाले आतंकवादियों से मुकदमा वापस लेने का कुत्सित प्रयास किया था पर माननीय उच्च न्यायालय ने सपा की इस मंशा को पूरा नहीं होने दिया। हमने सबसे पहले अवैध बूचड़खानों को बंद कराया। बहन-बेटियों की रक्षा के लिए एंटी रोमियो स्कवॉड का गठन किया। नगर निगम के रूप में मान्यता देकर नगर निगम व जनपद का नाम अयोध्या किया। उनकी सहानुभूति आतंकियों के साथ है। वे आतंकवादियों पर दायर रामजन्मभूमि के हमले के मुकदमे को वापस लेने का कार्य करते हैं, जबकि हमारी प्राथमिकता प्रदेश व 25 करोड़ जनमानस है। प्रदेश की आस्था, सुरक्षा है। हमने सुरक्षा को प्राथमिकता दी। जब पीएम ने राम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन किया तो दुनिया का नजरिया बदल गया।

बताया ; अयोध्‍या के विकास का मॉडल

चुनाव प्रचार के दौरान सीएम योगी (CM Yogi) ने बताया कि हमने हर जरूरतमंद को योजनाओं का लाभ दिलाकर रामराज्य की संकल्पना को साकार किया। अयोध्या की सड़कें चौड़ी हो रही हैं, अभी तो कष्ट हो रहा होगा पर इस वर्ष के अंत तक जब काम हो जाएगा तो इसके आगे देश-दुनिया की सड़कें फेल होंगी। यहां 60 वार्डों में 60 कमल के फूल जीतकर आएं। महापौर का चुनाव जिताना है, साथ ही अन्य निकायों में भी भाजपा का बोर्ड बनवाने की अपील करने आया हूं। पिछली बार हमारा बोर्ड था। हमने यहां आवास, पीएम स्वनिधि, पेंशन समेत सभी योजनाओं का लाभ दिया। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में हम 25 इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने जा रहे हैं। सरयू नदी के किनारे रिवर फ्रंट बनाकर पर्यटन की सुविधा विकसित करने की तरफ कार्य करने जा रहे हैं।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article