Bhabanipur Constituency Fight: कोलकाता पुलिस ने शनिवार को कालीघाट और अलीपुर पुलिस थानों के लिए नए थाना प्रभारियों (ओसी) की नियुक्ति की। ये दोनों थाने चर्चित भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी से है।
पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि ये तबादले मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में किए गए हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे चर्चित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक भवानीपुर में दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होगा।
कहां हुईं इन अधिकारियों की नई नियुक्ती?
आदेश में कहा गया है कि विशेष शाखा के निरीक्षक गौतम दास को कालीघाट थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि दक्षिण संभाग के निरीक्षक सुब्रत पांडेय को अलीपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष शाखा के निरीक्षक उत्तम कुमार पाइक को कालीघाट थाने का अतिरिक्त थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इस बीच, अलीपुर थाने में अतिरिक्त ओसी के रूप में कार्यरत रहीं निरीक्षक चमेली मुखर्जी का तबादला कर उन्हें उल्टाडांगा महिला थाने का ओसी बनाया गया है। एक अधिकारी ने कहा, 'चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियमित रूप से इस तरह के प्रशासनिक फेरबदल किए जाते हैं।' बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी।
रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत है। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को यह जानकारी दी। आयोग ने कहा कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 16 जिलों के 152 विधानसभा क्षेत्रों में हुआ, जिसमें कुल 3.61 करोड़ मतदाताओं में से 3.36 करोड़ ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इसने कहा कि मतदान करने वालों में 1.65 करोड़ महिलाएं और 1.71 करोड़ पुरुष थे। सबसे अधिक मतदान कूच बिहार जिले में 96.2 प्रतिशत दर्ज किया गया, उसके बाद दक्षिण दिनाजपुर में 95.44 प्रतिशत और मालदा में 94.79 प्रतिशत मतदान हुआ।
