West Bengal Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को उत्तर बंगाल के कूचबिहार से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। ऐतिहासिक रास मेला मैदान में होने वाली विजय संकल्प सभा में पीएम भाजपा की राज्य स्तर की रणनीति और विजन पेश करेंगे।
रैली को लेकर बीजेपी ने क्या कहा?
बीजेपी ने इस रैली को सिंडिकेट राज और कट-मनी संस्कृति के अंत का प्रतीक बताया है। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा बंगाल को भय के युग से निकालकर भरोसे और विकास के भविष्य की ओर ले जाने पर केंद्रित है। रैली का उद्देश्य विश्वासघात के अध्याय को सुरक्षा और विकास की प्रतिबद्धता में बदलना है।
जानकारी के मुताबिक, रैली में पीएम मोदी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी द्वारा हाल में जारी ‘जनता की चार्जशीट' में उठाए गए मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। रविवार को इस रैली के बाद आगामी चुनावों से पहले राज्यभर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा जनसभाओं, रोड शो और संगठनात्मक कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जाएगी।
याद रहे, 2021 में उत्तर बंगाल, भाजपा का मजबूत गढ़ रहा था। इस रैली के जरिए पार्टी अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि परिणाम 4 मई को आएंगे। पीएम के दौरे के बाद पूरे राज्य में वरिष्ठ नेताओं की रैलियों और रोड-शो की श्रृंखला और तेज हो जाएगी।
2026 में दिल्ली में बीजेपी सरकार का पतन होगा: ममता बनर्जी
इससे पहले सीएम ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री पर बड़ा हमला बोला है। मालदा हिंदा की एनआईए जांच के बीच रैली के लिए पहुंची ममता बनर्जी ने कहा कि 2026 में दिल्ली में बीजेपी सरकार का पतन होगा। वे बंगाल को टारगेट कर रहे हैं, हम दिल्ली को टारगेट करेंगे। आगामी दिन मोटा भाई तैयार रहें। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। मतों की गितनी 4 मई को होगी।
बात करें टीएमसी के चुनावी प्रचार-प्रसार की तो स्वयं तृणमूल सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के हाथ में है। दोनों चेहरे न सिर्फ संगठन के केंद्र में हैं, बल्कि चुनावी नैरेटिव को तय करने में भी अहम भूमिका निभाने वाले हैं।
