UP By-Election Result 2022, Rampur, Khatauli, Mainpuri UP Chunav Result 2022:विधानसभा चुनाव परिणाम के साथ -साथ गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी घोषित होंगे। जहां एक तरफ डिंपल यादव (Dimple Yadav) के पास मुलायम (Mulayam Singh Yadav) के गढ़ को बचाने की चुनौती है, तो वहीं रामपुर में आजम (Azam Khan) के गढ़ में बीजेपी (BJP) पहले ही लोकसभा उपचुनाव में सेंध लगा चुकी है और आजम के सामने विधानसभा की सीट बचाने की चुनौती है। खतौली सीट (Khatauli) बीजेपी के लिए नाक का सवाल बनी हुई है। जहां भाजपा, सपा (Samajwadi Party) से रामपुर सीट छीनने की कोशिश कर रही है वहीं सपा-रालोद गठबंधन खतौली में बीजेपी को कड़ी चुनौती पेश कर रहा है। गुरुवार को यह साफ हो जाएगा कि बाजी किसके हाथ लगी।
मैनपुरी सीट पर हुआ लोकसभा का उपचुनाव
मैनपुरी सीट समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने जहां डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतारा तो वहीं बीजेपी ने नया प्रयोग करते हुए रघुराज सिंह शाक्य पर दांव लगाया है। शाक्य इससे पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव के साथ जुड़े हुए थे। इसी साल विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा था।रामपुर औऱ खतौली सीट पर विधानसभा उपचुनाव
रामपुर और खतौली विधानसभा की सीट पर उप चुनाव में सपा गठबंधन और बीजेपी में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। सपा और आजम के गढ़ रामपुर में बीजेपी अपनी पैठ बनाने में जुटी हुई है और लोकसभा के उपचुनाव में मिली जीत इस बात की तस्दीक भी करती है। रामपुर सीट पर बीजेपी ने आकाश सक्सेना पर दांव लगाया है तो समाजवादी पार्टी ने आजम के करीबी असीम रजा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव में करीब 55 फीसदी वोटिंग हुई। इस सीट पर 2022 में बीजेपी से विक्रम सिंह सैनी विधायक चुने गए थे लेकिन मुजफ्फरनगर दंगों में सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्या रद्द हो गई। यहां भाजपा ने उनकी पत्नी राजकुमारी सैनी को उतारा है तो वहीं सपा-रालोद गठबंधन ने मदन भैया को उतारा है।
यहां देखें परिणाम लाइव
यूपी में हुए इन उपचुनावों के परिणाम 8 दिसंबर को घोषित होंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी और दोपहर तक परिणाम घोषित हो जाएंगे। लाइव परिणाम आप हमारे चैनल टाइम्स नाउ नवभारत के अलावा हमारी वेबसाइट https://www.timesnowhindi.com/ पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप हमारे फेसबुक पेज और ट्वीटर हैंडल को फॉलो कर सकते हैं जहां आपको इन सीटों के परिणामों से जुड़े अपडेट्स मिलेंगे। इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर भी देख सकते हैं।
