इलेक्शन

समझिए भाजपा संगठन और सरकार के समन्वय ने कैसे लिखी यूपी के 7 सीटों के जीत की पटकथा

UP By Election: यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा का सेमीफाइनल माने जाने वाला यह उप चुनाव भाजपा संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय के कारण जीत की पटकथा लिखने में कामयाबी हासिल की है। आइए समझते है भाजपा का पूरा गणित जिसने प्रदेश में हुए उपचुनाव में पार्टी को बड़ी जीत दिलाई है।

Image

यूपी के 7 सीटों पर भाजपा ने दर्ज की जीत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

UP By Election: उत्तर प्रदेश की 9 सीटों में हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं। भाजपा ने छह तो सहयोगी दल रालोद ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। 2027 में होने वाले विधानसभा का सेमीफाइनल माने जाने वाला यह चुनाव भाजपा संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय के कारण जीत की पटकथा लिखने में कामयाबी हासिल की है। उपचुनाव को लेकर जहां प्रत्येक विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं मोर्चा संभाला और सभी सीटों पर सभाएं व प्रचार कर भाजपा की जीत की राह को आसान बनाया वहीं संगठन ने भी 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष द्वारा फैलाए गए झूठ और मतदाताओं को भ्रमित करने के जाल की काट के लिए बूथ स्तर पर प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की योजना बनायी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने उपचुनाव वाली प्रत्येक विधानसभा में छोटी-छोटी बैठकें कर कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाजवादी पार्टी के पीडीए को परिवार डेवलेपमेंट एथार्टी बताते हुए उनको झूठा बताया। संगठन ने ऐसी रणनीति बनायी की सभी जातियों को एक जुट कर भाजपा के पक्ष में मतदान हो।

UP

UP

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के हर वर्ग और जाति के नेताओं को सक्रिय कर हर जाति के मतदाता तक यह पहुंचाने का काम किया कि उनकी सच्ची हितैषी भाजपा ही है। संगठन आम मतदाताओं तक यह बात पहुंचाने में सफल रहा कि सपा केवल धोखा देकर वोट लेती है लेकिन दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित के लिए मोदी-योगी सरकार ने ही काम किये है। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन ने अपने समर्थित मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने के लिए भी बड़ी योजना बनायी। इसके लिए पार्टी ने बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुखों को यह जिम्मेदारी दी कि पार्टी के समर्थित हर मतदाता को मतदान वाले दिन बूथ तक पहुंचाना है और पार्टी इसमें सफल भी रही यही कारण रहा कि भाजपा उपचुनाव में प्रदेश में 52 प्रतिशत से अधिक मत पाने में सफल रही।

जहां एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता लगातार जनसभाएं कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाकर मतदाताओं से कमल के फूल पर वोट देने की अपील करते रहे, वहीं पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह हर विधानसभा क्षेत्र में विधान सभा के संचालन टोली, मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों व पन्ना प्रमुखों के साथ छोटी-छोटी बैठकें कर इंडिया गठबंधन की जाति की राजनीति और झूठ फरेब का करारा जबाब देकर भाजपा की जीत की राह आसान बनाने के लिए रणनीति बनाया। इसका परिणाम रहा कि भाजपा प्रत्येक बूथ पर विपक्ष को चुनौती देती नजर आयी। पूरे चुनाव के दौरान भाजपा के राज्य मुख्यालय पर एक वॉररूम बनाया गया था जो सभी उपचुनाव पर अपनी नजर रखे हुए था। साथ ही लाभार्थी मतदाता, किसान, युवा, महिला, दलित और पिछडे वर्ग के मतदाताओं तक पहुंचने के लिए भी पार्टी ने व्यापक रणनीति बनाकर काम किया। पूरे उपचुनाव को पार्टी ने गंभीरता से लिया। आम मतदाताओं तक पार्टी कार्यकर्ताओं 5 से 6 बार संपर्क करने के लिए घर-घर तक पहुंचे।

कटेहरी में 33 वर्ष बाद खिला कमल

सरकार व संगठन के सामंजस्य का असर भी इस उपचुनाव में दिखाई दिया। कटेहरी में 33 वर्ष बाद कमल खिला है। यहां पर इससे पहले 1991 में भाजपा चुनाव जीती थी। मुस्लिम बाहुल्य कुंदरकी सीट पर भी 31 वर्ष बाद भाजपा ने जीत हासिल की है।1993 के बाद भाजपा को यहां कामयाबी मिली है। सरकार व संगठन के समन्वय का ही नतीजा है कि उपचुनाव में भाजपा ने सपा के गढ़ करहल में उसकी नींव हिला दी। सपा ने इस सीट पर 50.45 फीसदी वोट शेयर प्राप्त किया। भाजपा ने यहां 43.33 प्रतिशत वोट पाकर सपा को परेशान कर दिया।

भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने करहल से भाजपा उम्मीदवार अनुजेश प्रताप को फ़ोन कर उनके प्रदर्शन की सराहना कर उत्साह बढ़ाया। कहा कि आप भले ही थोड़े अंतर से हार गये लेकिन भाजपा के लिए आप ही करहल से विधायक हैं। क्षेत्र में विधायक की तरह की काम कीजिए लोगों के बीच जाइए और उनके काम कीजिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उपचुनावों में जीते अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को प्रचंड जीत दर्ज करने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इन विधानसभाओं के मतदाता भाइयों एवं बहनों ने यह साबित कर दिया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार में सुरक्षा- सुशासन, सभी वर्गों का उत्थान एवं चौमुखी विकास संभव है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं देवतुल्य मतदाताओं का हार्दिक आभार।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article