इलेक्शन

'कुछ और करने का आ गया है समय...' अब AAP के इस विधायक ने किया चुनावी राजनीति से किनारा

Delhi Assembly Elections: दिल्ली के तिमारपुर के विधायक दिलीप पांडे ने चुनाव ना लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन बनाने और फिर राजनीति में चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब समय आ गया है कि आम आदमी पार्टी में रहकर कुछ और किया जाए।

Image

तिमारपुर से विधायक ने अब चुनाव ना लड़ने की घोषणा की

Photo : ANI

Delhi Assembly Elections: आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और तिमारपुर से विधायक दिलीप पांडे ने शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी में रहकर कुछ और किया जाए। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि संगठन बनाने और फिर राजनीति में चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब समय आ गया है कि आम आदमी पार्टी में रहकर कुछ और किया जाए। तिमारपुर विधानसभा में जो भी चुनाव लड़ेगा, अरविंद केजरीवाल ही दिल्ली का मुख्यमंत्री बनेगा और हम सब दिल्ली वाले मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने पोस्ट में कहा कि मेरे लिए राजनीति में होने का एकमात्र संतोष यह है कि हमारी सरकार की वजह से कई आम लोगों और गरीबों का जीवन आसान हुआ है और कई बच्चों का जीवन बेहतर होने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

AAP को भाजपा से आगामी चुनावों में कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद

2025 के शुरुआती महीनों में होने वाले आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोई गठबंधन नहीं होगा। केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में (विधानसभा चुनाव के लिए) कोई गठबंधन नहीं होगा। फरवरी 2025 में होने वाला दिल्ली विधानसभा चुनाव AAP के लिए एक महत्वपूर्ण मुकाबला होने की उम्मीद है क्योंकि उसे भाजपा से कड़ी टक्कर मिलने वाली है, जिसने हाल ही में महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों में जीत का स्वाद चखा है।

नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते है केजरीवाल

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पूर्व सांसद और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। इस बीच, कांग्रेस ने भी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रयासों को तेज कर दिया है और प्रियव्रत सिंह को चुनावों के लिए वॉर रूम का अध्यक्ष नियुक्त किया है। दिल्ली में लगातार 15 वर्षों तक सत्ता में रही कांग्रेस ने पिछले दो चुनावों में खराब प्रदर्शन किया है। पार्टी का वर्तमान में विधानसभा में कोई विधायक नहीं है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article