शहर

Maharashtra Rain Alert: पालघर में कुदरत का कहर! मूसलाधार बारिश से डूबे कई गांव, 1 की मौत; NDRF की अतिरिक्त टीमें बुलाई गईं

Maharashtra Rain News: महाराष्ट्र के पालघर जिले में रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। नाले में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग फंसे हैं। स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है और NDRF की अतिरिक्त टीमें बुलाई गई हैं।

Image

भारी बारिश से बेहाल हुआ पालघर (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र के तटीय जिले पालघर में बुधवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिले के कई शहर और गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं, जिससे सैकड़ों लोग अपने ही घरों में फंस गए हैं। हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने गुरुवार को जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ के अनुसार, बारिश के तेज पानी के बहाव में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसका शव एक नाले से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है।

डहानू और तलासरी में सबसे ज्यादा तबाही

जिले में आपदा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने बताया कि पालघर के डहानू और तलासरी तालुका बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। मूसलाधार बारिश के चलते डहानू शहर और तलासरी के कई छोटे-छोटे गांवों का मुख्य संपर्क पूरी तरह टूट गया है। बाढ़ का पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि कई इलाकों में पानी घरों की पहली मंजिल तक पहुंच गया है। लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों और छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं। पानी का बहाव इतना तेज है कि NDRF के जवानों को भी रेस्क्यू वोट ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

NDRF की अतिरिक्त टीम मांगी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने राज्य सरकार से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक अतिरिक्त टीम की मांग की है। वर्तमान में NDRF की एक टीम पहले से ही प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। पालघर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि मस्वाण और सरावली समेत कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर थोड़ा कम होते ही फंसे हुए लोगों तक भोजन के पैकेट और पीने का पानी पहुंचाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

पड़ोसी ठाणे जिले का भी बुरा हाल

पालघर के साथ-साथ पड़ोसी जिले ठाणे में भी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। ठाणे क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी के अनुसार, ठाणे शहर में पिछले 24 घंटों के दौरान 99.32 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे गाड़ियों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, ठाणे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article