Chandrababu Naidu: बिहार के मुख्यमंत्री व जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बाद एक और बड़े क्षेत्रीय नेता का रुख एनडीए की तरफ होता दिख रहा है। 2024 चुनाव से पहले सियासी हलचलों के बीच तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू एनडीए का दामन थाम सकते हैं। नायडू ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। यह मुलाकात इन संकेतों के बीच हुई कि दोनों दल आगामी चुनावों में आंध्र प्रदेश में हाथ मिला सकते हैं। आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे।
शाह-नड्डा से मुलाकात
नायडू ने शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में नड्डा भी मौजूद थे। अगर नायडू भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में आते हैं, तो वह जनता दल (यू) अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस खेमे में शामिल होने के बाद दूसरे प्रमुख क्षेत्रीय नेता होंगे।
सूत्रों ने कहा कि तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू भाजपा के साथ हाथ मिलाने के इच्छुक हैं वहीं सत्तारूढ़ दल के एक तबके का मानना है कि नायडू के साथ गठबंधन से राजग को वाईएसआर कांग्रेस शासित राज्य में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
भाजपा ने जीती थी तीन सीटें
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी तेदेपा कितनी सीट देने पर सहमत होती है, खासकर लोकसभा चुनाव में। दोनों ने 2014 का चुनाव एक साथ लड़ा था जब तेलंगाना औपचारिक रूप से आंध्र प्रदेश से अलग नहीं हुआ था। भाजपा ने तब संयुक्त आंध्र प्रदेश की 42 में से तीन सीट पर चुनाव लड़ा था और सभी पर जीत हासिल की थी। (Bhasha Input)
