Vadodara News: गुजरात के वडोदरा में पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को जमीन आवंटित करने का मामला राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गया है। वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (VMC) की स्टैंडिंग कमेटी ने गुजरात सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब इस पर निगम की सामान्य सभा में चर्चा की जाएगी, जहां आगे का फैसला लिया जाएगा।
स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन वर्षा व्यास के मुताबिक, प्रस्ताव में यूसुफ पठान को 500 वर्ग मीटर जमीन उपहार के रूप में देने का प्रावधान है। इसके बदले जमीन के मूल्यांकन के मुताबिक सरकार VMC को राशि देगी। वहीं, शेष 478 वर्ग मीटर जमीन के लिए मूल्यांकन राशि का 55 प्रतिशत जमा कराने और 45 प्रतिशत की रियायत देने का प्रस्ताव है। व्यास ने जमीन के मूल्यांकन के लिए 2.10 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट की दर का जिक्र किया।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। वडोदरा सिटी कांग्रेस अध्यक्ष रुत्विज जोशी ने बीजेपी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब यूसुफ पठान तृणमूल कांग्रेस के सांसद थे, तब भाजपा नेताओं ने उन पर जमीन पर अतिक्रमण और लैंड ग्रैबिंग के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
जोशी ने सवाल उठाया कि अब उन्हें जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी क्यों दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर रियायत राजनीतिक हितों से प्रेरित है। कांग्रेस ने महिला क्रिकेटर राधा यादव और अन्य खिलाड़ियों को जमीन न मिलने का हवाला देते हुए भाजपा पर पक्षपात का आरोप लगाया और पठान से यह जमीन वापस करने की मांग की।
नियमों के तहत होगा फैसला
कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए चेयरपर्सन वर्षा व्यास ने कहा कि यूसुफ पठान से जुड़ा प्रस्ताव विशेष प्रावधान के तहत लाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन आवंटन में नियमों का पालन जरूरी है। राधा यादव से संबंधित प्रस्ताव आने पर उसकी भी नियमानुसार जांच की जा सकती है। अब VMC की सामान्य सभा में प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
