West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीट के 15 केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम पांच बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 86.11 फीसदी, जबकि डायमंड हार्बर में 87.60 फीसदी मतदान हुआ। कुल मिलाकर दोनों सीटों पर 86.90 फीसदी वोटिंग हुई।
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने इस सीट पर पुनर्मतदान का आदेश एक दिन पहले ही दिया था।
TMC ने केंद्रीय बलों पर लगाए गंभीर आरोप
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर सीट के चंदा प्राथमिक स्कूल स्थित मतदेय केंद्र संख्या-179 पर एक दिव्यांग मतदाता और उसकी मां के साथ केंद्रीय बलों ने दुर्व्यवहार किया। इस कथित घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
तृणमूल ने दावा किया कि मतदाता और उसकी सहायता के लिए मतदान केंद्र के भीतर गईं उनकी मां को कथित नियम उल्लंघन के आरोप में केंद्रीय बलों ने काफी समय तक रोके रखा। एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस की नेता मनमोहिनी विश्वास और प्रतीक उर रहमान मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को बेवजह की उत्पीड़न बताया। वहां मौजूद हमारे अधिकारियों ने मामले को संभाल लिया है।''
चुनावी मैदान में कौन-कौन
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया। मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद समीम अहमद मुल्ला का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।
