इलेक्शन

क्या महाराष्ट्र की माहिम सीट को लेकर महायुति में है मतभेद? रामदास आठवले ने दिया यह जवाब

Maharashtra Elections 2024: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को मुंबई में माहिम विधानसभा सीट को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में मतभेद की खबरों का खंडन किया। आठवले ने कहा, "बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और इंदु मिल माहिम निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं और मुझे नहीं लगता कि सरवणकर पर दबाव डालना अच्छा है। वह मौजूदा विधायक हैं तथा अमित ठाकरे से मजबूत उम्मीदवार हैं और वह जीतेंगे।"

Image

रामदास आठवले (फोटो साभार: https://x.com/RamdasAthawale)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • महायुति ने सरवणकर को बनाया उम्मीदवार।
  • मनसे नेता अमित ठाकरे भी हैं मैदान में।
  • माहिम में दिलचस्प होगा चुनावी मुकाबला।

Maharashtra Elections 2024: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को मुंबई में माहिम विधानसभा सीट को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में मतभेद की खबरों का खंडन किया। माहिम विधानसभा सीट पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमित ठाकरे का मुकाबला शिवसेना के सदानंद सरवणकर से होगा।

अमित ठाकरे बनाम सरवणकर का मुकाबला

‘रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले)’ प्रमुख ने कहा कि तीन बार के विधायक सरवणकर अमित ठाकरे से अधिक मजबूत उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि अमित ठाकरे की एकमात्र योग्यता यह है कि वह महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के पुत्र हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) महायुति की सहयोगी है, जिसमें भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना शामिल हैं। अमित ठाकरे पहली बार चुनावी मैदान में हैं, जबकि सरवणकर माहिम से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं।

शिवसेना नेता सरवणकर ने कहा है कि वह मैदान से पीछे नहीं हटेंगे, जबकि भाजपा ने मनसे उम्मीदवार का समर्थन करने की इच्छा जताई है। 'भाषा' से बातचीत के दौरान आठवले ने कहा, "बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और इंदु मिल माहिम निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं और मुझे नहीं लगता कि सरवणकर पर दबाव डालना अच्छा है। वह मौजूदा विधायक हैं तथा अमित ठाकरे से मजबूत उम्मीदवार हैं और वह जीतेंगे।"

आठवले ने कही बड़ी बात

मनसे उम्मीदवार के प्रति भाजपा के समर्थन पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि सरवणकर महायुति के आधिकारिक उम्मीदवार हैं। आठवले ने कहा, "अमित ठाकरे ने निर्वाचन क्षेत्र में कोई काम नहीं किया है और उनकी एकमात्र योग्यता यह है कि वह राज ठाकरे के बेटे हैं। वह अभी राजनीति में आए हैं और भविष्य में उन्हें बहुत कुछ करना है।"

कब होगा चुनाव?

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी। विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में बागी उम्मीदवारों द्वारा गठबंधन को नुकसान पहुंचाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब भी बागी चुनाव लड़ते हैं, तो इससे नुकसान होता है। इसका हरियाणा में कांग्रेस पर असर पड़ा है। मुझे लगता है कि कल 99 प्रतिशत बागी अपना नाम वापस ले लेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य नेता इन उम्मीदवारों से मिल रहे हैं।"

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article