Assam Assembly Election 2026: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी की विचारधारा प्रसिद्ध संगीतकार जुबिन गर्ग जैसी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन असम को एकजुट करने में लगाया। असम के विश्वनाथ जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भारत के ''सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री'' हैं और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिमंत बिस्वा सरमा पर बरसे राहुल
राहुल गांधी ने कहा, ''जुबिन गर्ग ने अपना पूरा जीवन असम के लोगों को एकजुट करने में लगाया, उन्होंने कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। कांग्रेस की विचारधारा भी ऐसी ही है, नफरत के खिलाफ प्यार फैलाने की।'' उन्होंने आरोप लगाया कि सरमा के नेतृत्व वाली राज्य की भाजपा सरकार लोगों और समुदायों के बीच नफरत फैलाने का काम कर रही है। गांधी ने कहा, ''उन्हें कुछ दिन और बोलने दीजिए। इसके बाद असम में कांग्रेस की सरकार बनेगी और कानूनी कार्रवाई होगी, भले ही वह माफी क्यों न मांगें।''
राहुल गांधी ने कहा कि असम का मुख्यमंत्री सबसे ज्यादा उल्टी-सीधी बात करते हैं और उन्हें पता है कि कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर उन्हें जेल में डालने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''हिमंत रातभर नहीं सोते हैं और दिनभर उल्टी-सीधी बातें करते हैं, लेकिन कभी-न-कभी वह कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर के हाथ आएंगे... और फिर असम की जनता, कांग्रेस पार्टी के नेताओं से माफी मांगेंगे, लेकिन उन पर कानूनी कार्रवाई जरूर होगी।''
असम को फूलो का गुलदस्ता बताते हुए कहा कि यहां पर विभिन्न प्रकार के लोग रहते हैं, कई भाषाएं बोली जाती हैं और भाईचारा ही असम की शक्ति है। शंकर देव जी से लेकर जुबिन गर्ग ने लोगों को जोड़ने का काम किया था। इस दौरान, राहुल गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा पर आरोप लगाया कि वह असम की जनता के बजाय कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हित में काम कर रहे हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी और अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि असम के संसाधनों को 'समर्थन' के बदले उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।
