Prayagraj Nagar Nigam Election 2023 BJP, SP, Congress Candidate List, Result Date, Voting Schedule: प्रयागराज में अतीक अहमद और अशरफ अहमद की हत्या के बाद सारा समीकरण बदला दिख रहा है। जो बसपा अतीक की बीवी शाइस्ता पर दांव लगाने की तैयारी कर रही थी, वो उमेशपाल हत्याकांड के बाद शाइस्ता से किनारे कर चुकी है। शाइस्ता खुद पुलिस से बचने के लिए भागी-भागी फिर रही है। वहीं बीजेपी में भी बगावत देखने को मिल रही है, जबकि बसपा ने मुस्लिम कैंडिडेट उतार कर, सपा के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है। इस तरह से प्रयागराज में मेयर सीट के लिए मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है।
बीजेपी में बगावत
प्रयागराज में 100 वार्ड हैं। वहीं मेयर सीट इस बार सामान्य कर दी गई है। बीजेपी ने सभी वार्डों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, वहीं मेयर पोस्ट के लिए बीजेपी ने मंत्री नंद गोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा नंदी का टिकट काटकर इस बार गणेश केसरवानी को टिकट दिया है। जिससे बीजेपी में बगावत भी देखने को मिली है।
सपा-बसपा का हाल
वहीं सपा ने अजय श्रीवास्तव को मैदान में उतारा है। बसपा से पहले अतीक की बीवी शाइस्ता मैदान में उतरने वाली थी, लेकिन उमेशपाल हत्याकांड के बाद मायावती ने शाइस्ता की जगह पूर्व विधायक सईद अहमद को टिकट दिया है। कांग्रेस ने प्रभा शंकर मिश्रा को टिकट दिया है। प्रभा शंकर मिश्रा पुराने कांग्रेसी है और उनका अपना वोट बैंक है।
क्या कहता है समीकरण
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी के प्रचार से माहौल बीजेपी के पक्ष में दिख रहा है। अतीक की हत्या के बाद से यहां पिछले समीकरण काम नहीं करने वाले हैं। सपा ने बीजेपी को पिछली बार कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन इस बार अतीक का परिवार सपा के खिलाफ है, बसपा ने मुस्लिम कैंडिडेट उतार दिया है, इसलिए इस सीट पर फिलहाल बीजेपी का पलड़ा भारी दिख रही है।
