इलेक्शन

'बिहार में वोट चोरी कोई मुद्दा नहीं, चुनाव को हाईजैक कर रहे राहुल', कांग्रेस नेता पर PK ने किया हमला

शनिवार को सुपौल में जनसुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। पीके ने कहा कि 'बिहार में वोट चोरी का मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा से लड़ रहे हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव हैं।

Image

बिहार में 11 नवंबर को है दूसरे फेज का चुनाव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में पहले चरण का चुनाव संपन्न हो जाने के बाद दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान को नेता अपने पक्ष में बता रहे हैं। इन सबके बीच जुबानी हमले भी जारी हैं। शनिवार को सुपौल में जनसुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। पीके ने कहा कि 'बिहार में वोट चोरी का मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा से लड़ रहे हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। बिहार की जनता जानना चाहती है कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोजगार कब मिलेगा और राज्य की दुर्दशा कब सुधरेगी। इसका वोट चोरी से क्या लेना-देना? अगर दिल्ली में वोट चोरी का मुद्दा है, तो चुनाव आयोग को घेरिए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। इसके लिए बिहार चुनाव को क्यों हाईजैक कर रहे हैं?

रिकॉर्ड मतदान से बिहार में बदलाव तय है-प्रशांत

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जन सुराज के संस्थापक ने कहा, 'कई राजनीतिक विश्लेषक दावा कर रहे हैं कि उन्हें पता है बिहार में क्या होने वाला है... लेकिन किसी ने यह भविष्यवाणी नहीं की थी कि बिहार देश के राजनीतिक इतिहास में सबसे ज्यादा मतदान वाला राज्य बन जाएगा। इतनी बड़ी संख्या में हुए मतदान यह दिखाते हैं कि बिहार में बदलाव तय है।'

'तो फिर आप (एनडीए) क्यों लौटें?'

प्रधानमंत्री आरजेडी का डर दिखाकर वोट मांगने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उनके पास कहने के लिए अब कुछ नहीं बचा है... लेकिन इस बार हालात बदल चुके हैं... अगर आप कहते हैं कि ‘जंगलराज’ नहीं लौटना चाहिए, तो फिर आप (एनडीए) क्यों लौटें? जन सुराज एक नया विकल्प है...'

सड़कें बनाने के लिए जमीन है, फैक्ट्रियों के लिए नहीं-PK

प्रशांत किशोर ने आगे कहा, 'पहले प्रवासी मजदूर एनडीए को वोट देते थे... आज वे नहीं दे रहे हैं। वे बिहार में फैक्ट्रियां और नौकरियां चाहते हैं... गृह मंत्री अमित शाह कह रहे हैं कि बिहार में फैक्ट्रियों के लिए जमीन नहीं है... तो लोगों को उनसे पूछना चाहिए कि अगर फैक्ट्रियों के लिए जमीन नहीं है, तो फिर पंजाब और बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाली बड़ी सड़कों के लिए जमीन कहां से मिली? यानी जब सड़के, नेशनल हाइवे बनाना होता है, तब बिहार में जमीन है, लेकिन जब बिहार के बच्चों के लिए फैक्ट्री बनानी होती है, तब जमीन नहीं होती।'

इस बार प्रवासी मतदाता ‘एक्स फैक्टर’-प्रशांत

प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को दावा किया कि छठ पर्व के मौके पर बिहार आए और अभी तक अपने कार्यस्थलों पर नहीं गए राज्य के प्रवासी मतदाता विधानसभा चुनाव में ‘एक्स फैक्टर’ साबित हो सकते हैं। पूर्व चुनाव रणनीतिकार किशोर ने यह टिप्पणी पहले चरण के रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत मतदान के एक दिन बाद की। उनकी नवगठित पार्टी के बारे में विभिन्न सर्वेक्षणों और जनमतों में कहा जा रहा है कि उसने प्रवासियों को आकर्षित किया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article