इलेक्शन

कन्याकुमारी में पीएम मोदी की ध्यान साधना पूरी, 45 घंटे बाद विवेकानंद रॉक मेमोरियल से निकले बाहर

आज कन्याकुमारी में पीएम मोदी ने ध्यान साधना पूरी कर ली और वह रॉक मेमोरियल से बाहर निकले। स्वामी विवेकानंद के नाम पर बना यह स्मारक समुद्र के मध्य में स्थित है। यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री इस स्मारक पर ठहरे।

Image

पीएम मोदी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi Dhyan Sadhana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कन्याकुमारी में अपनी ध्यान साधना पूरी कर ली है। वह 45 घंटे की साधना के बाद विवेकानंद रॉक मेमोरियल से बाहर निकल आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मई की शाम कन्याकुमारी के प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में अपनी ध्यान साधना शुरू की थी। तिरुवनंतपुरम से हेलीकॉप्टर द्वारा यहां पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने भगवती अम्मन मंदिर में पूजा की और नौका सेवा के जरिये रॉक मेमोरियल पहुंचे और ध्यान साधना शुरू की थी। प्रधानमंत्री की ध्यान साधना आज एक जून तक चली।

पीएम मोदी ने सफेद शॉल और धोती में की पूजा

धोती और सफेद शॉल ओढ़े मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और गर्भगृह की परिक्रमा की। पुजारियों ने एक विशेष आरती की और उन्हें मंदिर का प्रसाद दिया गया, जिसमें एक शॉल और मंदिर के देवता की फ्रेमयुक्त तस्वीर शामिल थी। बाद में, वह राज्य सरकार के जहाजरानी निगम द्वारा संचालित नौका सेवा के जरिये रॉक मेमोरियल पहुंचे और ‘ध्यान मंडपम’ में ध्यान लगाना शुरू किया। ध्यान लगाना शुरू करने से पहले, मोदी कुछ देर के लिए मंडप की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर खड़े रहे।

केदारनाथ गुफा में भी लगाया था ध्यान

पीएम मोदी के इस कार्यक्रम के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा सहित सभी इंतजाम किए गए थे। स्वामी विवेकानंद के नाम पर बना यह स्मारक समुद्र के मध्य में स्थित है। यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री इस स्मारक पर ठहरे। यह स्मारक स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि स्वरूप बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार समाप्त होने के बाद केदारनाथ गुफा में भी इसी तरह ध्यान लगाया था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article