इलेक्शन

Bengal Chunav 2026: ‘झालमुड़ी के बदले मैं भेलपुरी दूंगी', कोलकाता में चुनाव प्रचार के दौरान बोलीं ममता बनर्जी

Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता की रैली में प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने झारग्राम में ‘झालमुरी’ खाने के कार्यक्रम को लेकर भी पीएम पर तंज कसा।

Image

झालमुड़ी को लेकर ममता बनर्जी का बड़ा हमला

Photo : ANI

Bengal Chunav 2026: कोलकाता में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बोवबाजार में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के झारग्राम दौरे के दौरान जलेबी नहीं बल्कि झालमुड़ी खाने का कार्यक्रम भी चुनावी रणनीति के तहत पहले से तय किया गया था। उन्होंने कहा कि उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और पूरी व्यवस्था को पहले से ही तैयार किया गया था।

जीत के बाद भेजूंगी भेलपुरी-ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि खाने की चीज भी घर से बनाकर लाई गई थी और दुकानदार को केवल 10 रुपये दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद नकद पैसे नहीं रखतीं। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि बीजेपी चुनाव में तरह-तरह के प्रचार करती है। उन्होंने कहा कि पहले चायवाला दिखाया गया और अब चुनाव जीतने के लिए झालमुड़ी का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे दिल्ली वालों को भेलपुरी भेजेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे अलग-अलग राज्यों के खाने का सम्मान करती हैं और सभी भारतीय व्यंजनों को पसंद करती हैं।

बीजेपी अपनी जीत को लेकर इतनी आश्वस्त क्यों-ममता ने पूछा सवाल

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल की जनता मसालेदार झालमुड़ी की आदी है और किसी को भी उन्हें धर्म या खाने को लेकर नसीहत देने की जरूरत नहीं है। चुनाव और ईवीएम पर सवाल उठाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी अपनी जीत को लेकर इतनी आश्वस्त क्यों है। उन्होंने आशंका जताई कि क्या ईवीएम में किसी तरह की गड़बड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बंगाल के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक रैली में टीएमसी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि उनका झालमुड़ी खाना टीएमसी के लिए झटका साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों को बढ़ावा देती है और राज्य में अराजकता का माहौल है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद बीजेपी की जीत का जश्न मनाया जाएगा और राज्य में विकास की नई शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव जरूरी है और जनता को सही विकल्प चुनना चाहिए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article