PM Modi Rally in Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज सियासी घमासान के बीच पीएम मोदी ने बैरकपुर में बड़ी जनसभा की। यहां उमड़ी भीड़ देखकर पीएम मोदी भी गदगद हो उठे। उन्होंने उम्मीद जताई कि 4 मई को चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण तय है। मोदी ने कहा कि मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं। जब से घर छोड़ा है आपके बीच मुझे सुकून मिलता है। बंगाल को बचाना मेरे भाग्य मेंं है। पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा, पढ़ें।
कहा- बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा की अगली सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह के लिए वे राज्य में अवश्य लौटेंगे। विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार के अंतिम दिन उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने सत्तारूढ़ टीएमसी पर तीखा हमला बोला और उस पर 'सिंडिकेट राज', राजनीतिक हिंसा और आर्थिक गिरावट का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने कहा, पश्चिम बंगाल में मैंने जो माहौल महसूस किया है, उससे मैं कह सकता हूं कि 4 मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे फिर से आना होगा।" उनकी इस बात पर भीड़ ने जोरदार तालियां बजाईं। बैरकपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भूमि ने 1857 में भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और अब पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की जमीन तैयार कर रही है।
पश्चिम बंगाल की प्रगति भारत के समग्र विकास के लिए आवश्यक
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रगति भारत के समग्र विकास के लिए आवश्यक है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पूर्वी क्षेत्र का उदय देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित रखना और उसका उद्धार करना मेरा भाग्य और कर्तव्य है। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में भाजपा की जीत का उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा, "ओडिशा और बिहार के बाद, इस बार पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने अपने संस्थापक नारे 'मां, माटी, मानुष' का उल्लंघन किया है और राज्य के विकास के लिए उसके पास कोई दूरदृष्टि नहीं है। मोदी ने कहा, टीएमसी के पास पश्चिम बंगाल के विकास के लिए कोई दूरदृष्टि नहीं है। यह दावा करते हुए कि उद्योग बंद हो रहे हैं जबकि आपराधिक नेटवर्क फल-फूल रहे हैं, मोदी ने कहा, एक तरफ मिलें बंद हो रही हैं और दूसरी तरफ कच्चे बम बनाने की फैक्ट्रियां खुल रही हैं, जिनमें गुंडों को काम पर रखा जा रहा है और टीएमसी का गिरोह फैल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से उस व्यवस्था को पराजित करने का आग्रह किया जिसे उन्होंने गिरोह राज कहा।
प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी पार्टी पर शासन करने के बजाय गाली-गलौज और धमकियों का सहारा लेने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, टीएमसी की एकमात्र रणनीति गाली-गलौज करना, धमकियां देना और झूठी बातें फैलाना ही लगती है। उन्होंने मुझे, संवैधानिक संस्थाओं और यहां तक कि सशस्त्र बलों को भी अपने अपमानजनक बयानों से निशाना बनाया है।
इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है..
रैली में पीएम मोदी ने कहा कि, सुबह-सुबह इतने लोग लाखों की संख्या में आशीर्वाद देने आए हैं। इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। इस चुनाव में ये आज मेरी आखिरी सभा है, जहां-जहां गया हूं, जो मिजाज देखा है, मुझे ऐसा लगता है कि 4 तारीख के बाद शपथ ग्रहण समारोह में आना ही है।
पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?

रैली में उमड़ी भारी भीड़
- मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं। जब से घर छोड़ा है आपके बीच मुझे सुकून मिलता है। आप ही मेरा परिवार हैं. बंगाल में इस बार परिवर्तन होकर रहेगा।
- जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था तब मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था... इस चुनाव में मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी किसी देवी मंदिर के दर्शन के समय होती है। इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा लगाव है।
- बंगाल को बचाना मेरे भाग्य मेंं है, इस दायित्व से पीछे नहीं हटूंगा। मुझ पर करोड़ों बहनों का आशीर्वाद है।
- बंगाल में हर ओर बीजेपी की गूंज। अंग और कलिंग में कमल खिला। ओडिशा और बिहार के बाद इस बार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा।
- पश्चिम बंगाल का यह चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूर्वी भारत का भाग्य बदलने का चुनाव है। अतीत में जब भारत समृद्ध था, उस समय इसके 3 मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा... आज भारत विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना जरूरी है।
- इस चुनाव में TMC के नेताओं ने एक बार भी मां, माटी और मानुष का नाम तक नहीं लिया है। जिस नारे के साथ TMC ने बंगाल में सरकार बनाई थी, इन्होंने वह नारा भुला दिया है... इन्होंने नारी की सुरक्षा और किसानों के लिए कुछ नहीं किया... TMC का फॉर्मूला है झूठ बोलो और गालियां दो।
- स्वयं को बंगाल की सेवा करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और राज्य की रक्षा करने के लिए समर्पित मानता हूं।
- सरकारी भर्तियां तय समय पर होंगी, युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। खाली पदों को भरा जाएगा।
