इलेक्शन

Arunachal Pradesh New CM: तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे पेमा खांडू, चुने गए विधायक दल के नेता

Arunachal Pradesh New CM: पेमा खांडू 2016 से अरुणाचल के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने पहली बार नबाम तुकी के इस्तीफे के बाद पदभार संभाला था। जब खांडू पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कांग्रेस में थे।

Image

अरुणाचल प्रदेश के नए सीएम होंगे पेमा खांडू

Photo : Twitter

Arunachal Pradesh New CM: अरुणाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर से पेमा खांडू का चुनाव हुआ है। पेमा खांडू का अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह तीसरा कार्यकाल होगा। खांडू अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ गुरुवार सुबह शपथ लेंगे। पेमा खांडू को बुधवार को ईटानगर में हुई बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक रवि शंकर प्रसाद और तरुण चुग भी शामिल हुए। अरुणाचल प्रदेश में खांडू के नेतृत्व वाली भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटें जीतकर विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य से अपनी दो सीटें बरकरार रखीं।

पेमा खांडू ने जताई प्रशंसा

खबरों के अनुसार, खांडू राज्यपाल केटी परनायक से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इस फैसले के बाद खांडू ने एक्स पर लिखा- "बीजेपी अरुणाचल के विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। अत्यंत विनम्रता के साथ, मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण के अनुरूप विकासोन्मुख शासन के एक और कार्यकाल के लिए बीजेपी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं।"

पहली बार पेमा खांडू कांग्रेस से बने थे सीएम

पेमा खांडू 2016 से अरुणाचल के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने पहली बार नबाम तुकी के इस्तीफे के बाद पदभार संभाला था। जब खांडू पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कांग्रेस में थे। 2019 के लोकसभा चुनावों के समय वे भाजपा में शामिल हो गए। खांडू का राजनीतिक जीवन 2011 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनके पिता दोरजी खांडू की मृत्यु के बाद शुरू हुआ। खांडू 2011 में मुक्तो निर्वाचन क्षेत्र से अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्विरोध चुने गए, यह सीट पहले उनके पिता के पास थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article